गले में बंधा था गमछा, बंधे थे दोनो हाथ

नैनी थाना क्षेत्र के मड़ौका गांव के पास झाड़ी में शनिवार शाम एक युवक की हत्या कर लाश फेंक दी गई। उसका गमछे से गला घोंटा गया था। दोनों हाथ भी कपड़े से बांधा गया था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

कोशिश के बाद भी नहीं हुई पहचान

मड़ौका गांव के कुछ लोग अपने मवेशी को चराने निकले थे। इसी दौरान गांव के बाहर मुख्य सड़क से काफी अंदर स्थित एक झाड़ी में एक युवक की लाश देखकर दंग रह गए। खबर अन्य ग्रामीणों को हुई तो पलभर में भीड़ जुट गई। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को झाड़ी से बाहर निकलवाया गया। युवक के गले में गमछा बंधा था। उसके दोनों हाथ भी कपड़े से बांध गए थे। सिर पर भी प्रहार किया गया था। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन कोई कुछ नहीं बता सके। इसके बाद मृतक के कपड़े की तलाशी ली गई, लेकिन ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। इसके पहले उसके साथ मारपीट भी किए जाने की संभावना है। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष थी। उसके शरीर पर सफेद रंग का पैंट, भूरे कलर का स्वेटर और स्लेटी कलर का शर्ट था। पैर में चप्पल नहीं था। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद यह लग रहा है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और फिर शव लाकर यहां फेंक दिया गया।

अजीत सिंह

चौकी प्रभारी, एग्रीकल्चर