मृतक महिला की मां ने ससुरालियों पर लगाया दहेज के लिए जलाकर हत्या करने का आरोप

पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, तीन हिरातस में दो लोग हैं फरार

ALLAHABAD: मांडा के कोइलारी गांव में गुरूवार रात एक महिला और उसके दो बच्चों को दहेज की आग में झोंक दिया गया। जलने की वजह से महिला समेत दोनों बच्चों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर खबर पाते ही महिला के मायके से भी लोग पहुंच गए। मृतक महिला की मां ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। फोरेसिंक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

कोइलारी गांव निवासी शिव बहादुर पुत्र राज कुमार मुम्बई में प्राइवेट नौकरी करता है। वह तीन माह से घर नहीं आया। शिव बहादुर की शादी मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र स्थित चितौली गांव की गीता से हुई थी। शिव प्रसाद का बड़ा भाई राम बहादुर टेंट हाउस में मजदूरी का काम करता है। घर पर शिव बहादुर की पत्नी गीता (26) बच्चों साढ़े तीन साल के प्रीतम व दो माह के पुत्रके साथ रहती थी। बताते हैं कि गुरूवार की रात सब लोग सोने चले गए। रात लगभग एक बजे पड़ोसी रामखेलावन को आवाज सुनाई दी। वे देखा तो राजकुमार के घर से धुंआ निकल रहा था। घर में आग लगने की आशंका वश वह शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा कर लिया। ग्रामीण सीढ़ी के सहारे घर के अंदर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। घर में शिव बहादुर की पत्नी गीता अपने दोनों बच्चों के साथ चारपाई पर जली पड़ी थी। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी मांडा पुलिस को दी। सूचना पर मांडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर घटना की खबर पाकर रात में ही गीता की मां लालती परिजनों के साथ बेटी की ससुराल पहुंच गई। गीता व उसके बच्चों का शव देखते वह चीख कर रो पड़ी। लालती ने बताया कि तीन साल पहले ही उसने बेटी की शादी शिव बहादुर से की थी। शादी के बाद पति शिव बहादुर, ससुर राज कुमार, सास रामरती, जेठ राम बहादुर और जेठानी मीना देवी बाइक और अगूंठी के लिए गीता को प्रताडि़त करते थे। उसने दहेज के लिए गीता और उसके दो बच्चों को जलाकर हत्या किए जाने की तहरीर पुलिस को दी। लालती की तहरीर पर ससुरालपक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नामजद किए गए पांच गीता के जेठ राम बहादुर, सास रामरती और जेठानी मीना देवी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि ससुर राज कुमार फरार है जबकि उसका पति शिव बहादुर मुंबई में है।

आईजी समेत पहुंचे कई अफसर

मांडा में विवाहिता और उसके दो बच्चों की हत्या की खबर सुनते ही आईजी रमित शर्मा, एसपी यमुनापार दीपेंन्द्र चौधरी, एसपी गंगापार सुनील कुमार सिंह व अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान आइजी रमित शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को घटना की जांच करके आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जलने की वजह से महिला समेत उसके दो बच्चों की मौत हुई है। मृतका की मां की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। फरार हुए उसके पति और ससुर की गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी।

राधेश्याम वर्मा, इंस्पेक्टर मांडा