प्रयागराज (ब्‍यूरो)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने कहा है कि उत्तर मध्य रेलवे की उपलब्धियों का श्रेय रेलकर्मियों को है। उत्तर मध्य रेलवे भारतीय रेल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जो उत्तर को दक्षिण और पूर्व से जोड़ता है। देश की सबसे गतिमान ट्रेनों शताब्दी, वंदे भारत का अधिकतम संचालन उत्तर मध्य रेलवे एरिया में होता है। बीते वर्ष ट्रेनों के संचालन से लेकर संरक्षा तक में उत्तर मध्य रेलवे ने जो उपलब्धियां प्राप्त की हैं उसके लिए सभी रेल कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

महाप्रबंधक सतीश कुमार ने यह बातें उत्तर मध्य रेलवे इंप्लाइज संघ के साथ दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक के पहले दिन कहीं।
महाप्रबंधक ने संघ के अध्यक्ष वीजी गौतम एवं महामंत्री आरपी सिंह समेत यूनियन के अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया। महाप्रबंधक ने संघ के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारी संगठन रेलवे की ताकत हैं। कर्मचारियों का साथ तथा कल्याण रेलवे प्रबंधन की प्राथमिकता रहा है। उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारियों की समस्या का समाधान करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम की स्थापना की गई है। ताकि कर्मचारियों को अपनी किसी समस्या के लिए परेशान न होना पड़े। बताया कि कर्मचारियों के परिजनों के लिए भी योग शिविर, खेल आयोजन, करियर काउंसिलिंग कैंप करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही बेहतर कार्य वातावरण के लिए कार्यशालाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

संघ के अध्यक्ष वीजी गौतम एवं महासचिव आरपी सिंह ने रेल प्रशासन द्वारा कर्मचारी हितों में किए गए कार्य की सराहना की। कहा कि एनसीआरइएस और एनएफआईआर गांधीवादी दर्शन में विश्वास करते हैं। कर्मचारी नेताओं ने पुरानी पेंशनी योजना बहाल करने, रात्रि ड्यूटी भत्ता देने, रिक्त पदों को भरने, केंद्रीय अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाने, रेल क्वार्टरों के रखरखाव को बढ़ाने संबंधी सुझाव दिए।

महाप्रबंधक ने गिनाईं उपलब्धियां
154 मृतक आश्रितों को दी गई नौकरी।
5642 कर्मचारियों को दी गई पदोन्नति।
1146 कर्मचारियों की शिकायत का निवारण।
197 स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन।
31709 कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।