भारतगंज कस्बे में नाली में पानी गिराने को लेकर हुआ था विवाद

गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया

PRAYAGRAJ: नाली में पानी गिराने को लेकर शुक्रवार को भतीजे की पिटाई से किशुन गौड़ (63) की मौत हो गई। गंभीर हालत में पुलिस उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल ले गई थी। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन 304 का मामला दर्ज कर भतीजे को हिरासत में ले लिया है। घटना माण्डा इलाके भारतगंज कस्बे की है।

दामाद ने दी पुलिस को तहरीर

कस्बा निवासी किशुन गौड़ साइकिल मरम्मत की दुकान चलाता था। शुक्रवार को मकान के बाहर नाली में पानी गिराने को लेकर उसका भतीजे भांटादीन उर्फ भंटई से विवाद हो गया। बताते हैं कि विवाद के दौरान भंटादीन उसकी पिटाई कर दिया। पिटाई से किशुन गिर पड़ा और उसे काफी चोटें आ गई। यह देख परिजन उसे लेकर सीएचसी माण्डा पहुंचे। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी हुई माण्डा पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेजने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई। खबर मिलते ही मीरजापुर अमोई स्थित टेड़वा निवासी मृतक के दामाद दिनेश कुमार गोड़ भी जा पहुंचे। दिनेश की तहरीर पर पुलिस ने भंटादीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

पोस्टमार्टम में मृतक की बॉडी पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। बिसरा रिजर्व किया गया है। फिलहाल मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है।

सुरेंद्र कुमार पांडेय

प्रभारी निरीक्षक माण्डा