प्रयागराज ब्यूरो ।

विजय चंद्र मौर्य ने एक झटके में करोड़ पति का सपना पाल लिया। उसे कुछ समझ नहीं आया तो उसने अफीम की खेती कर डाली। अफीम की फसल तैयार हो गई। कई महीने से मामला किसी को पतांही नहीं चला। विजय के पास अफीमचियों का जमघट लगने लगा। राज तो तब खुला जब देखते ही देखते उसका रंग ढंग बदलने लगा। गांव वालों को शक हो गया और बात हंडिया पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने मुखबिर लगाया। अफीम के खेत पर पुलिस पहुंची तो उसके होश उड़ गए। पुलिस ने विजय को गिरफ्तार कर लिया। खेत से करीब एक करोड़ की अफीम बरामद की गई है।

नशे की लत ने पहुंचाया जेल

हंडिया थाना क्षेत्र के नौनरा गांव का रहने वाला विजय चंद मौर्य छोटा मोटा काम करके अपना परिवार पालता था। वह नशे का शौकीन था। बड़ी मुश्किल से परिवार चला पाता था। विजय ने नशे का सौदागर बनने का सपना देख लिया। इस सपने को पूरा करने के लिए विजय ने अपने खेत में अफीम की खेती कर दी। गांव वालों ने फसल के बारे में पूछा तो उसने अफीम की फसल को औषधीय पौधा बताया। फितूरी विजय पर किसी को शक नहीं हुआ। फसल पककर तैयार हो गई। विजय ने अफीम का धंधा शुरू कर दिया। रोज हजारों रुपये की अफीम बिकने लगी।

विजय के पास आने लगे अफीमची

इधर कई दिनों से विजय के पास अफीमचियों की भीड़ लगने लगी। विजय के पास रोज हजारों में रुपया आने लगा। उसके रंग ढंग बदलने लगे। यह देख गांव वाले औचक रह गए। मगर बात ज्यादा दिन तक छिपी नहीं रह सकी। गांव में अफीमचियों का आना जाना लोगों को अखरने लगा। राज खुल गया। बात हंडिया इंस्पेक्टर बृजकिशोर गौतम तक पहुंच गई। इंस्पेक्टर ने जांच कराई तो अफीम की खेती की बात पता चली। इस पर इंस्पेक्टर ने एसीपी पंकज लवानिया को जानकारी दी। एसपी पंकज लवानिया, तहसीलदार हंडिया अकांक्षा मिश्रा, इंस्पेक्टर बृजकिशोर गौतम, आबकारी इंस्पेक्टर पारुल चौधरी, दारोगा अमित कुमार, दारोगा सौरभ पांडेय की टीम ने विजय के खेत में छापा मारा। वहां पर अफीम की फसल मिल गई। पुलिस टीम ने विजय को गिरफ्तार कर लिया। बरामद की गई 136 किलो अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

नौनरा गांव का विजय मौर्य अफीम की खेती कर रहा था। उसके अफीम बेचने की शिकायत मिली थी। जिस पर छापा मारा गया। विजय के कब्जे से एक करोड़ रुपये की अफीम बरामद की गई है। विजय को जेल भेज दिया गया है।

बृजकिशोर गौतम, इंस्पेक्टर हंडिया