प्रयागराज (ब्‍यूरो)। हाईकोर्ट फ्लाई ओवर पर लोग देखते रहे और चंदन मर गया। हादसे के शिकार चंदन को कोई अस्पताल नहीं ले गया। उधर से गुजरने वाले लोग बगल से निकल गए। मगर कोई रुका नहीं। रुके भी वो लोग जोकि वीडियो बना रहे थे या फिर फोटो खींच रहे थे। सड़क हादसे में एक प्लंबर चंदन ने अपनी जान गंवा दी। प्लंबर हाईकोर्ट ओवर ब्रिज पर हादसे का शिकार हो गया। उसने हेलमेट लगा रखा था। इसके बाद भी उसके सिर में गंभीर चोट आई। ये हादसा कैसे हुआ इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

कैसे हुआ एक्सीडेंट पता नहीं
एक्सीडेंट किसी वाहन से हुआ या फिर प्लंबर की बाइक साइड की दीवार से टकराई इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्लंबर की मौत से उसके घर में मातम का माहौल है।

घर लौट रहा था प्लंबर
धूमनगंज के भागलपुरवा के रहने वाले रमेश विश्वकर्मा बढ़ई का काम करता है। उसके तीन बेटों में बड़ा चंदन विश्वकर्मा प्लंबर का काम करता था। वह सुबह अल्लापुर काम के सिलसिले में गया था। दोपहर मेें वह घर लौट रहा था। हाईकोर्ट फ्लाईओवर पर वह हादसे का शिकार हो गया। उसकी बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर गिरे चंदन के सिर से बहुत खून सड़क पर बह गया। चंदन की मौत से पिता रमेश, मां रेखा देवी और पत्नी नीलम का रो रोकर बुरा हाल हो गया। चंदन के अभी चार माह की बच्ची है।

गुजरते लोग देखते रहे
चंदन सड़क पर गिरा तो तड़पने लगा। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। चंदन ने हेलमेट लगा रखा था। गिरने के बावजूद हेलमेट नहीं टूटा, मगर चंदन के सिर से खून बहकर सड़क पर फैल गया। इस दौरान सैकड़ों लोग बगल से गुजर गए। कोई रुका नहीं। जो रुके भी वह मोबाइल पर फोटो खींच रहे थे या फिर वीडियो बना रहे थे। कुछ देर के लिए फ्लाईओवर पर जाम की स्थिति हो गई। पुलिस घटना के करीब चालीस मिनट बाद पहुंची। तब तक चंदन की सांस थम चुकी थी।


हाईकोर्ट फ्लाईओवर पर हुए हादसे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है कि घटना कैसे हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अभी अज्ञात वाहन से टक्कर में केस लिखा गया है।
सुनील कुमार, थाना प्रभारी कैण्ट