प्रयागराज (ब्‍यूरो)। घर से बाजार या फिर किसी काम से जाइए तो अपनी बाइक, स्कूटी को सुरक्षित अपनी जिम्मेदारी पर खड़ी कीजिए। मोबाइल भी संभाल कर रखिए। पुलिस के भरोसे न रहिए। क्योंकि एक बार फिर शहर में बाइक चोरी की वारदात शुरू हो गई है। पुलिस चुनाव कराने में व्यस्त है, इसका फायदा उठाकर चोर बाइक चोरी करने में लग गए हैं। चोरों ने एक के बाद एक वारदात को अंजाम देकर लोगों की नींद उड़ाकर रख दी है। चोरों ने सिविल लाइंस, कैण्ट और कर्नलगंज एरिया को अपना निशाना बना रखा है।

कैण्ट एरिया में पडऩे वाले हाईकोर्ट गेट नंबर छह के पास खड़ी बाइक होण्डा साइन दस मई को गायब हो गई। बाइक अधिवक्ता अश्वनी यादव की थी। अश्वनी हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। वह बाइक गेट के पास खड़ी करके अंदर गए थे। वापस लौटे तो बाइक गायब थी। कैण्ट थाने में अधिवक्ता ने बाइक चोरी का केस दर्ज कराया है।

सिविल लाइंस सरदार पटेल मार्ग बिहारी भवन के रहने वाले मो.उमर ने अपनी बाइक रोड पर खड़ी कर रखी थी। सुबह वह बाहर निकले तो बाइक गायब थी। उमर ने सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है।

वर्षिका कक्कड़ कुंडा प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं। वह छह मई को स्कूटी से कंपनी गार्डेन आई थीं। वर्षिका कक्कड़ ने कंपनी बाग के गेट नंबर एक के पास अपनी स्कूटी खड़ी की। इसके बाद वह अंदर चली गईं.करीब आठ बजे वह बाहर आईं तो स्कूटी गायब थी। वर्षिका कक्कड़ ने कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया है।

कर्नलगंज के छोटा बघाड़ा में रहने वाले प्रेमप्रकाश शुक्ला अध्यापक हैं। वह बक्शीबांध सब्जी मंडी गए थे। वहां से किसी ने शिक्षक दयाराम शुक्ला का मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया।

संतोष कुमार हंडिया के रहने वाले हैं। वह ई रिक्शा चलाते थे। तीस अप्रैल की रात संतोष नेतराम चौराहा के पास अपना ई रिक्शा खड़ा करके पानी पीने एक दुकान पर चले गए। जब वह लौटे तो ई रिक्शा गायब था। संतोष ने कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया है।