-एक-दो दिन में दुष्कर्म पीडि़ता का न्यायालय में दर्ज होगा बयान

-कानपुर देहात के पुलिस अधिकारियों को दी गई मामले की जानकारी

प्रयागराज

मऊआइमा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली इंटर की छात्रा से दुष्कर्म के मामले में नामजद सिपाही की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कानपुर देहात जाएगी। हालांकि, इससे पहले दुष्कर्म पीडि़ता का न्यायालय में बयान दर्ज करवाया जाएगा। वहीं, सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कानपुर देहात के पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

बना ली थी अश्लील वीडियो

छात्रा ने सिपाही जय सिंह यादव पर आरोप लगाया था कि उसने पुलिस विभाग में भर्ती होने से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। सिपाही पद पर भर्ती होने के बाद उसका इतना मनबढ़ गया था कि वह घरवालों को धमकाने लग गया था। आरोप है कि सिपाही ने उसकी शादी भी तुड़वा दी। दो दिन पहले पीडि़त छात्रा ने आइजी और एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर शनिवार को अधिकारियों के निर्देश पर मऊआइमा थाने में सिपाही जय सिंह यादव के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी मऊआइमा प्रदीप कुमार का कहना है कि आरोपित सिपाही जय सिंह यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को कानपुर देहात भेजा जाएगा। पता चला है कि आरोपित सिपाही कानपुर देहात में पुलिस लाइन में तैनात है।