राजनीतिक दलों ने बाढ़ राहत सामग्री का वितरण शुरू किया

विधानसभा चुनाव के मददेनजर जनता के बीच पहुंच बनाने की कवायद

जनता के बीच बन रहा मखौल, स्टीकर लगे बांटे जा रहे पैकेट

ALLAHABAD: बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत के नाम पर राजनीति का दौर शुरू हो चुका है। तमाम राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव के पहले राहत सामग्री बांटकर जनता का दिल जीतने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी आड़ में राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में भाजपा सबसे आगे निकल गई है। शहर के कई कछारी इलाकों में भाजपा के कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के स्टीकर लगाकर भोजन पैकेट वितरित कर रहे हैं, जिसका जमकर मखौल बनाया जा रहा है।

कोई नहीं है किसी से पीछे

शनिवार को शहर के कई बाढ़ ग्रस्त इलाकों मं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाढ़ में फंसे लोगों को भोजन के पैकेट पहुंचाए। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के नाम का स्टीकर बकायदा लगा हुआ था। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी आम हो गई। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस राहत को लेकर तरह-तरह की पोस्ट की जाती रहीं। यही नहीं, अभी तक पब्लिक से दूरी बनाकर रखने वाले कांग्रेस, सपा और बसपा के कार्यकर्ता भी बाढ़ ग्रस्त इलाकों में राहत सामग्री बांटने में जुट गए हैं। खासतौर से कांगे्रस अपनी '27 साल यूपी बेहाल' यात्रा के प्रचार प्रसार को लेकर अचानक जागरुक हो चली है। इनके कार्यकर्ता भी राहत शिविरों और प्रभावित इलाकों में अपनी दस्तक देने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

दिखावा या सहायता

बता दें कि शनिवार को गंगा और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे जा चुका था। बावजूद इसके राजनीतिक दलों समेत तमाम स्वयं सेवी संस्थाओं ने राहत सामग्री का वितरण जारी रखा। अभी तक बाढ़ की विभीषिका में फंसे लोगों का कहना है कि मुसीबत के समय गिनती के लोगों ने ही हमारी सुध ली और जब बाढ़ समाप्त हो गई तो मददगारों की लाइन लगी हुई है। राहत ही पहुंचानी थी तो एक सप्ताह पहले लबालब भरी गलियों में आकर भोजन और पानी का वितरण करते।

इन्होंने भी बांटी राहत

उधर, विभिन्न संस्थाओं द्वारा राहत सामग्री का वितरण शनिवार को जारी रहा। भारतीय स्टेट बैंक की त्रिवेणी शाखा की ओर से बाढ़ पीडि़तों को लंच वितरण किया गया। इस मौके पर संगीत सहाय अस्थाना, यूएन त्रिपाठी, सुरेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे। काली प्रसाद प्रशिक्षण महाविद्यालय की ओर से ट्रैफिक चौराहे के समीप सेंट कोलंबस विद्यालय के बाढ़ पीडि़त शरणार्थियों को खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस मौके प्राचार्या डॉ। शोभा श्रीवास्तव, डॉ। शरद श्रीवास्तव, डॉ। अंजना श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। नागरिक सुरक्षा की टीम के साथ सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च के पास्टर रेव्ह अमिताभ राव और मिसेज बिस्को ने कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री का वितरण किया। भाजपा शहर उत्तरी के डॉ। एलएस ओझा ने शनिवार को भी निशुल्क स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों की जांच की। उनकी ओर से कछारी मोहल्लों में निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।