प्रयागराज ब्यूरो । कमिश्नर विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता और पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा की उपस्थिति में शुक्रवार को संगम सभागार में मिशन शक्ति अभियान फेज 4 की तैयारियों को परखा गया। प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु 14 अक्टूबर से विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है। बैठक में बताया गया कि 14 अक्टूबर को सुबह पुलिस लाइन से महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्कूली छात्राएं, आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अलावा पीआरबी वाहन एवं एम्बुलेंस भी शामिल होंगी।

होंगे विभिन्न कार्यक्रम

रैली विभिन्न स्थलों से निकलती हुई जिला पंचायत परिसर में समाप्त होगी। यहां विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जायेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ के द्वारा सुबह 11 बजे लोकभवन, लखनऊ में मिशन शक्ति अभियान के शुभारंभ का सजीव प्रसारण किया जाएगा। कमिश्नर ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरे मनोयोग से निर्वहन करते हुए मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम को व्यापक ढंग से सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए है। अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत गृह विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, युवा कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, नगर विकास विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, संस्कृति विभाग एवं पंचायतीराज विभागों के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

पुलिस विभाग करेगा जागरुक

पुलिस विभाग द्वारा महिला हिंसा तथा अन्य शिकायतों के निवारण हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नम्बर के सम्बंध में जानकारी प्रदान की जायेगी। पुलिस आयु1त रमित शर्मा ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से कराये जाने के लिए कहा है। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बैठक में अभियान फेज-4 के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बंधित आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से कराये जाने के लिए कहा है। मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।