-26 सितंबर को लोकसेवा आयोग आयोजित करेगा परीक्षा

उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने प्रवक्ता राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कालेज (प्रा.) परीक्षा-2021 की तैयारियां शुरू कर दी है। आयोग ने भर्ती परीक्षा की तारीख 26 सितंबर तय कर दी है। इसके साथ केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है। आयोग ने उक्त भर्ती के तहत चार विषयों में प्रवक्ता की 124 पदों की भर्ती निकाली है। अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक और उसके बाद मुख्य परीक्षा कराकर किया जाएगा। दोनों परीक्षाएं लिखित होंगी। इसमें साक्षात्कार नहीं लिया जाएगा।

लोकसेवा आयोग ने राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कालेज के लिए भौतिक विज्ञान में 30, रसायन विज्ञान में 26, जीव विज्ञान में 33 व गणित विषय में 35 पदों की भर्ती निकाली है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य (लिखित) परीक्षा में शामिल किया जाएगा। अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए पुन: आवेदन करना होगा। उसी के आधार पर चयनित करके संबंधित कालेजों में नियुक्ति दी जाएगी।

जीआइसी को मिले 21 प्रवक्ता

उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने विशेष अधीनस्थ शिक्षा सेवा (पुरुष संवर्ग) के तहत राजकीय इंटर कालेजों में प्रवक्ता भौतिक विज्ञान का परिणाम जारी कर दिया है। इसके तहत 21 प्रवक्ताओं का चयन हुआ है। चयनितों में मुकेश सिंह, अंजनी कुमार मिश्र, धनंजय यादव, ओमकार सिंह, दीपक कुमार सिंह, पुलकित गोयल, नवीन कुमार विश्वकर्मा, सुनील यादव, संजीव कुमार, संतोष कुमार, संदीप कुमार, योगेश कुमार, नृपेंद्र कुमार, लवकुश सिंह, लालबहादुर, जुबैर अहमद, पंकज रस्तोगी, जितेंद्र यादव, प्रशांत तोमर, कपिलदेव यादव व अनिल कुमार शामिल हैं। आयोग के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश मिश्र के अनुसार सशर्त चयनितों को तय तारीख के अंतर्गत समस्त शैक्षिक दस्तावेज जमा करने होंगे। ऐसा न करने वालों का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।