प्रयागराज (ब्‍यूरो)। बेली गांव के रहने वाले एक प्रापर्टी डीलर को धंधा बंद करने की धमकी दी गई है। प्रापर्टी डीलर ने धंधा बंद नहीं किया तो उस पर जानलेवा हमला किया गया। मारपीट कर प्रापर्टी डीलर को अधमरा कर दिया गया। हमलावरों ने उसे मरा हुआ जानकर छोड़ा था। घटना से प्रापर्टी डीलर दहशत में है। प्रापर्टी डीलर ने दो लोगों को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। शिवकुटी पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

ये है मामला
बेली गांव का रहने वाला असहल प्रापर्टी डीलर है। असहल की प्रापर्टी डीलिंग का काम अच्छा चलता है, जिसे लेकर विक्रांत यादव निवासी गली नंबर 13 और भूपेंद्र निवासी गंगानगर ने असहल का विरोध करना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ महीने से दोनों असहल को धंधा बंद करने की बात कह रहे थे। धंधा बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।

मारपीट कर किया अधमरा
असहल का ननिहाल मेंहदौरी कालोनी में है। वह अपनी नानी के घर गया था। रात में वह लौटने लगा तो शिलाखाना मस्जिद के पास उसको एक परिचित रिजवान अहमद मिल गए। रिजवान को बेली आना था। जिस पर असहल ने रिजवान को अपनी स्कूटी पर बैठा लिया। इस दौरान विक्रांत यादव और भूपेंद्र अपने दो साथियों के साथ आ गए। दोनों को देखकर असहल ने स्कूटी भगाई। वह एमएनआईटी चौराहा होते हुए आलू मील तिराहा पहुंचा। वहां से वह बेली रोड की तरफ मुड़ा तभी उसे दोनों ने अपने साथियों के साथ घेर लिया। इसके बाद दोनों अपने साथियों के साथ असहल को पीटने लगे। रिजवान ने बीचबचाव किया तो उसे तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, जिस पर रिजवान अपनी जान बचाकर भाग निकला। हमलावरों ने असहल को पीट पीट कर अधमरा कर दिया। असहल बेहोश हो गया। इसके बाद हमलावर भाग निकले। होश में आने पर एक राहगीर की मदद से असहल ने अपने भाई को फोन से सूचना दी। भाई ने आकर असहल को बेली अस्पताल पहुंचाया। असहल ने विक्रांत यादव और भूपेंद्र के अलावा उसके दो साथियों के खिलाफ शिवकुटी थाने में केस दर्ज कराया है।

प्रापर्टी डीलर पर जानलेवा हमला किया गया। जिस पर तहरीर के आधार पर दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है।
संजय गुप्ता, थाना प्रभारी शिवकुटी