-नशे में टेस्ट के लिए तमंचा लोड मार देने का कर रहे थे मजाक और दब गया था ट्रिगर

PRAYAGRAJ: तेलियरगंज मेंहदौरी स्थित कांशीराम कॉलोनी में रविवार को साथ में ड्रिंक कर रहे दोस्तों का इरादा राहुल पासी की हत्या का नहीं था। नशे में टेस्टिंग के लिए तमंचा लोड कर बारी-बारी सभी मजाक कर रहे थे। अचानक तमंचे का ट्रिगर दग बया और गोली लगने से राहुल की मौत हो गई। अब तक मामले में पकड़े गए तीन लोगों ने यह बातें पुलिस को बताई हैं। पुलिस मामले में नामजद दो और लोगों की तलाश में जुट गई है। घटना में मृतक के भाई की तहरीर पर कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया था।

दोस्तों का मजाक बन गई मौत

मेंहदौरी में कांशीराम कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता राहुल पासी की हत्या रविवार की रात हुई थी। गोली लगने से उसने दम तोड़ दिया था। भाई सुभाष द्वार दी गई तहरीर में पांच लोग नामजद किए गए। इनमें कॉलोनी के ही दादा उर्फ विवेक, शफीक उर्फ भौकाली, आकाश, ननका और आरिफ शामिल हैं। इनमें से पुलिस ने तीन आरोपित ननका और दादा उर्फ विवेक एवं आकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आकाश मंगलवार दोपहर उसके घर से पकड़ा गया। पकड़े गए इन तीनों के द्वारा कत्ल की जो कहानी बताई जा रही है वह थोड़ा सस्पेंस क्रिएट करने वाली है। फिलहाल पुलिस कहानी को सच मान रही है। पुलिस को तीनों ने बताया कि सभी ननका के घर बैठ कर ड्रिंक कर रहे थे। विवाद जैसी कोई बात नहीं थी। सभी काफी नशे में थे। इस बीच एक ने टेस्टिंग के लिए तमंचा निकाल कर लोड किया। इसके बाद मजाक के लहजे में मार देने की बात करने लगा। अचानक तीसरा शख्स उसके हाथ से तमंचा लेने की कोशिश करने लगा। इसी बीच तमंचे का ट्रिगर दब गया और सामने बैठे राहुल पासी के कान के बगल गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिरा तो सभी डर वश भाग निकले। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस शेष दो आरोपितों की तलाश में है।

पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि नशे में टेस्टिंग के लिए तमंचा लोडकर मार देने का मजाक आपस में कर रहे थे। सभी काफी नशे में थे। इस बीच एक शख्स तमंचा लेने की कोशिश कर रहा था। अचानक चली गोली राहुल को लग गई। डर वश सभी भाग गए थे। शेष दो आरोपितों की तलाश जारी है।

-सत्येंद्र प्रसाद तिवारी, सीओ फोर्थ