प्रयागराज ब्यूरो । सिविल लाइंस पुलिस ने एक हुक्का बार पर कार्रवाई की है। बुधवार रात पुलिस टीम ने पत्रिका चौराहा के पास एक रेस्टोरेंट में छापा मारा। वहां पर अंदर रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार चल रहा था। पुलिस ने मौके से दो कर्मचारियों को पकड़ लिया। इस दौरान हुक्का पीने आए कई लोग भाग निकले। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस रेस्टोरेंट मालिक की तलाश कर रही है.सिविल लाइंस थाने की दारोगा जय अंबिका पासवान पुलिस टीम के साथ बुधवार रात गश्त पर थीं। दारोगा को सूचना मिली कि पत्रिका चौराहे के पास फ्लैमी रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा है। इसके बाद दारोगा ने पुलिस टीम के साथ वहां पर छापा मार दिया। पुलिस के पहुंचते ही अंदर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने हुक्का भर रहे आदित्य सरोज और अवनीश कुमार पाल को पकड़ लिया। दोनों हंडिया के दुबकी खुर्द गांव के रहने वाले हैं। दोनों से पुलिस ने पूछताछ की। पता चला कि लोगों की भीड़ में रेस्टोरेंट संचालक अमन भी मौका पाकर भाग निकला है। रेस्टोरेंट संचालक अमर चकिया का रहने वाला है। दोनों ने बताया कि अमन ने पहले रेस्टोरेंट खोला। इसके बाद उसमें वह हुक्का बार चलाने लगा। पुलिस ने वहां से आठ हुक्का सेट, 24 तंबाकू के पैकेट, चारकोल पैकेट, हुक्का पाइप बरामद किया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।