प्रयागराज (ब्‍यूरो)। बुधवार को पुरवइया और पछुआ की लड़ाई में पारे ने नया रिकार्ड बना दिया। और इसी के साथ पिछले तीस साल का रिकार्ड टूट गया। दोपहर में पारा 48.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पछुआ ने दिन में ऐसा मोर्चा संभाला कि हवा गर्म लू में आग की तपिश में तब्दील हो गई, मगर शाम को पुरवइया ने अपने तेवर दिखाए और बादलों सेे रिमझिम करा दिया। दिन भर की तपिश को शाम की रिमझिम ने कुछ ठंडा करने का प्रयास किया, मगर शाम को हुई रिमझिम से अब अगले एक दो दिन गर्मी के और प्रचंड दिखाने के आसार बन गए हैं। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अगले एक दो दिन मौसम और भी गर्म हो सकता है।

32 डिग्री से खुला खाता
बुधवार को सुबह छह बजे मौसम ने अपना खाता 32 डिग्री सेल्सियस के साथ खोला। सुबह ही मौसम के तेवर सख्त हो गए थे। जिसका नतीजा रहा कि जैसे जैसे सूरज सिर पर आता गया पारा चढ़ता गया। दोपहर में एक बजे के बाद हवाएं लू में तब्दील हो गईं। लू इस कदर चली जैसे आग की तपिश बह रही हो। सड़क पर निकलने वालों के हाथ पांव और चेहरे पर जलन महसूस होने लगी। दिन में तीन बजे पारा 48.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

शाम को चढ़ा पुरवइया को जोश
बुधवार को सुबह छह बजे से ही पछुआ ने मोर्चा संभाल लिया था। जिसका नतीजा रहा कि पुरवइया को अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का मौका ही नहीं मिल सका। दिन भर पछुआ ने मोर्चा संभाले रखा। मगर शाम को छह बजे के बाद पुरवइया ने पछुआ का कसबल ढीला कर दिया। आसमान में बादलों का घेरा बन गया। शाम सात बजे के बाद हवाओं की रफ्तार तेज हुई, हवाओं में थोड़ी नमी बढ़ी तो लू का असर खत्म हुआ, इसी के साथ बादलों ने रिमझिम शुरू कर दी। सिविल लाइंस, ओमगायत्री नगर, तेलियरगंज, गोविंदपुर, सलोरी, धूमनगंज, लूकरगंज, चौक, जानसेनगंज, अल्लापुर, दारागंज, अलोपीबाग, बैरहना, करेली, कालिंदीपुरम समेत शहर के लगभग हर हिस्से में रिमझिम बारिश हुई।

उमस बढऩे के बने आसार
बुधवार शाम को रिमझिम बारिश होने से उमस बढऩे से इंकार नहीं किया जा सकता है। उमस बढ़ेगी या नहीं ये गुरुवार को सुबह तय होगा। हालांकि दिन भर की गर्मी के बाद शाम या रात को रिमझिम बारिश से अगले दिन उमस बढऩे की आशंका रहती है। मगर इस बार मौसम में जो उठा पठक चल रही है उससे उमस को लेकर मौसम विज्ञानी भी स्पष्ट आकलन नहीं कर पा रहे हैं।

टूट गया तीस साल का रिकार्ड
29 मई 2024 48.8 डिग्री
28 मई 2024 48.2 डिग्री
30 मई 1994 48.4 डिग्री
18 मई 2013 48.3 डिग्री
30 मई 2019 48.6 डिग्री

लू से परेशान हो गए लोग
दोपहर में 11 बजे के बाद अचानक हवा लू में तब्दील होने लगी तो लोग परेशान हो गए। सड़क पर निकले लोगों को खासी समस्या का सामना करना पड़ा। इसके बाद शाम पांच बजे तक लू में तपिश बरकरार रही। जिससे परेशान लोग पानी से अपना गला तर करते रहे। और पेड़ की छांव खोजते रहे।

इस बार बारिश अच्छी होने की उम्मीद है। चूंकि पछुआ हवाएं लगातार बनी हुई हैं। जिसका असर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रहा है। ऐसे में जब पश्चिम बंगाल की खाड़ी की तरफ से पुरवइया का असर बढ़ेगा तो बारिश अच्छी होगी। प्रचंड गर्मी आने वाले वक्त में अच्छे मानसून का संकेत है।
प्रो.डा.शैलेंद्र राय, के.बनर्जी वातावरणीय एवं समुद्रीय विज्ञान केंद्र, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी

सड़क पर गिरा पेड़
बुधवार शाम को अलोपीबाग में गीता निकेतन के पास अचानक पीपल का पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे आवागमन में समस्या उत्पन्न हो गई। देर रात तक पेड़ को हटाने की कवायद नहीं की गई। जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।