रमजान : पहले अशरे में होगी रहमतों की बारिश

तीन अशरों में बंटा है रमजान मुबारक का पाक महीना

ALLAHABAD: अल्लाह की इबादत का मुकद्दस महीना रमजान चांद के दीदार के साथ ही शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही रहमत की बरसात भी होने लगेगी। सोमवार को चांद की तस्दीक होने की उम्मीद है। रमजानुल मुबारक का महीना तीन अशरों में बंटा हुआ है। पहला अशरा (पहले दस दिन) रहमत का है। दूसरा अशरा मगफिरत और तीसरा अशरा जहन्नुम (नर्क) की आग से आजादी का है। इस मुकद्दस महीने में एक नेकी (अच्छे काम) के बदले सत्तर नेकियों का सवाब (पुण्य) है।

पहले अशरे में रहमत

मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी बताते हैं कि रमजान के पहले अशरे में रहमतों और बरकतों की बारिश होगी। इसमें खुदा के बंदे पर रहमत बरसती है, नमाज, रोजा, जकात करने से अल्लाह अपने बंदे के गुनाह माफ करते हैं। बज्म ए पैगामे इंसानियत के सरपरस्त और मस्जिद कोतवाल पत्थरगली के इमाम मुफ्ती महमूद हसन गाजी के मुताबिक रमजान सब्र और गमख्वारी का महीना है। अल्लाह ने फरमाया है कि जो इस मुकद्दस महीने में दो रकात फर्ज नमाज अदा करेगा उसे सत्तर रकात नमाज का सवाब मिलेगा। रमजान में लोग रोजा रहने के साथ ही नमाज की पाबंदी करें। मौलाना अमजद ने बताया कि शहर की छोटी बड़ी सभी मस्जिदों में तरावीह के इंतजाम हो गए हैं। जिन मस्जिदों में जगह कम हैं वहां बाहर टेंट लगाए गए हैं। हर मुसलमान को चाहिए कि वह रोजा, नमाज और तरावीह के साथ ही घर में कुरआन पाक की तिलावत करे।

चांद देख कर पढ़ें दुआ

शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी ने शहरियों से गुजारिश की है कि रमजान का चांद देखने के बाद दुआ पढ़ें। साथ ही मुल्क में अमन व सारे मुसलमानों के लिए दुआ मांगें

कहां कितने दिनों की तरावीह

मक्का मस्जिद करेली, 6 दिन

मस्जिद जामिया दारूल सलाम करेली तीन दिन

मुन्ना मस्जिद, करेली 5 दिन

गौसिया मस्जिद करेली 7 दिन

नूरी मस्जिद जेके आशियाना करेली 21 दिन

मस्जिद हज्जन बीबी करेली 25 दिन

अब्दुल्ला मस्जिद रेलवे स्टेशन, 10 व 25 दिन

काला डांडा मस्जिद करेली, 25 दिन

निहालपुर बड़ी मस्जिद, 10 दिन

दाराशाह मोहम्मदी मस्जिद, 26 दिन

पीएसी कंपाउंड मस्जिद धूमनगंज, 15 दिन

बड़ा ताजिया मस्जिद, 14 दिन

मजलूम शाह मस्जिद जानसेनगंज 27 दिन

मदीना मस्जिद निरंजन टाकीज, 7 दिन

नूरी मस्जिद, बिजलीघर, 5 दिन

मोहित्समगंज मस्जिद 6 दिन

नूरी मस्जिद अकबरपुर, 27 दिन

मस्जिद पुरानी पुलिस चौकी करेली 25 दिन

मस्जिद बांसमंडी, 11 दिन

मस्जिद छोटा दायरा बहादुरगंज 24 दिन

मस्जिद वसीयाबाद, 27 दिन

मस्जिदे बिलाल गंगागंज 21 दिन