देर रात तक चालू हो जाएगा नैनी औद्योगिक एरिया स्थित ऑक्सीजन प्लांट

एक सप्ताह से रिपेयरिंग के चलते पड़ा था ठप

शहर के कोविड हॉस्पिटल्स में एक सप्ताह से चल रही ऑक्सीजन सिलेंडर की क्राइसिस आज से खत्म हो सकती है। दरअसल नैनी औद्योगिक एरिया स्थित एक सप्ताह से बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट शुक्रवार रात से शुरू होने जा रहा है, इसके बाद सप्लाई पूर्व की भांति होने लगेगी। इससे सबसे ज्यादा राहत उन मरीजों को होगी जिनको कोरोना से बचाव के लिए कृत्रिम ऑक्सीजन की तत्काल आवश्यकता है।

मिलेंगे 1600 जंबो सिलेंडर

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्लांट शुरू होने से शनिवार से हमें 1600 ऑक्सीजन जंबो सिलेंडर अधिक मिलने लगेंगे। इसके अलावा 400 ऑक्सीजन लिक्विड सिलेंडर की सप्लाई भी शुरू हो जाएगी। इससे शहर के प्राइवेट कोविड हॉस्पिटल्स की क्राइसिस पर लगभग विराम लग जाएगा। पिछले एक सप्ताह से प्लांट से सप्लाई ठप होने से कोविड हॉस्पिटल्स में भर्ती मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बता दें कि नैनी औद्योगिक एरिया में भाजपा विधायक हर्षव‌र्द्धन बाजपेई का ऑक्सीजन प्लांट संचालित हो रहा है।

भर्ती नही किए जा रहे थे मरीज

प्रशासन ने बड़ी संख्या में प्राइवेट कोविड हॉस्पिटल्स तो खुलवा दिए लेकिन इनके पास ऑक्सीजन सिलेंडर की क्राइसिस बनी हुई थी। इसकी वजह से कोविड के सीरियस मरीजों का इलाज नही हो पा रहा था। कई हॉस्पिटल्स ने उनको भर्ती करने से मनाक र दिया था। तीमारदार भी बाजारों में ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए चक्कर काटने पर मजबूर हो गए थे। कुछ लोग इस क्राइसिस का फायदा उठाकर महंगी ऑक्सीजन भी बेच रहे थे।

मैंने खुद जाकर प्लांट का निरीक्षण किया है। रात तक प्लांट से ऑक्सीजन का प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। उम्मीद है कि 24 घंटे के भीतर हॉस्पिटल्स को सिलेंडर की सप्लाई शुरू हो जाएगी जिससे क्राइसिस पर काफी हद तक सुधार नजर आने लगेगा।

डॉ। वीके मिश्रा

एसीएमओ स्वास्थ्य विभाग प्रयागराज