प्रयागराज- इंतजार की घडिय़ा खत्म हो गईं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीए 2023 की मुख्य परीक्षा का परिणाम महज तीन माह के भीतर घोषित कर दिया। इस लिखित परीक्षा में कुल 451 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सभी सफल अभ्यर्थी इंटरव्यू में शामिल होंगे, जिसकी डेट जल्द ही आयोग की ओर से जारी कर दी जाएगी। बता दें कि आयोग ने प्री परीक्षा का परिणाम भी डेढ़ महीने में जारी किया था। यूपीपीएससी की ओर से इस भर्ती को नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। जिसे धीरे धीरे गति प्रदान की जा रही है।

दो जनपदों में हुई थी परीक्षा

पीसीएस मुख्य परीक्षा 26 से 29 सितंबर तक लखनऊ और प्रयागराज के केंद्रों पर हुई थी। उसमें 3658 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इस परीक्षा के जरिए 20 प्रकार के 254 पदों पर चयन होना है। इसमें से छह प्रकार के 104 पदों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा, इसलिए इन पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा। 104 पदों को छोड़ते हुए 150 पदों के लिए साक्षात्कार होगा।

तीन गुना देंगे इंटरव्यू

साक्षात्कार के लिए रिक्त पदों के सापेक्ष तीन गुना यानी 451 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। अब यह अभ्यर्थी 100 अंकों के साक्षात्कार में शामिल होंगे। अंतिम परिणाम मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों को जोड़कर बनाया जाएगा। आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया तेजी से अपनाई जा रही है। इसका साक्षात्कार जनवरी या फरवरी में कराया जा सकता है। आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि इसमें शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कट आफ अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद जारी किए जाएंगे। शुक्रवार शाम मुख्य परीक्षा का परिणाम आने के बाद सफल अभ्यर्थियों ने खुशी जताई।