इलाहाबाद म्यूजियम में आठ करोड़ की लागत से बनने वाली आजाद गैलरी में शामिल होंगी क्रांतिकारी दुर्गा भाभी

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: देश के चार सबसे पुराने म्यूजियम में शुमार इलाहाबाद म्यूजियम में देशभक्ति की बयार बहने वाली है। केन्द्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय की आठ करोड़ रुपए की लागत की महत्वाकांक्षी योजना आजाद गैलरी म्यूजियम में बनाई जाएगी। साथ ही आजादी की लड़ाई में अमूल्य योगदान देने वाली क्रांतिकारी दुर्गा भाभी को भी उस गैलरी का हिस्सा बनाया जाएगा। इसके जरिए दुर्गा भाभी के स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर उनके जीवन के अनछुए पहलुओं को म्यूजियम में देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को दिखाया जाएगा।

इतिहास खोजने को गठित हुई टीम

भारत के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों की प्रमुख सहयोगी रहीं दुर्गा भाभी के जीवन के अनछुए पहलुओं को खोजने के लिए म्यूजियम प्रशासन ने एक टीम गठित की है। यह टीम म्यूजियम के निदेशक डॉ। सुनील कुमार गुप्ता की अगुवाई में उनकी स्मृतियों को खोजने का काम करेगी जिसका उल्लेख कही नहीं मिलता है। टीम एक से डेढ़ महीने के बीच अपना कार्य पूरा करेगी।

देश की पहली गैलरी आजाद के नाम पर

देश में अभी तक किसी भी नेशनल म्यूजियम में शहीद चंद्रशेखर आजाद के नाम से गैलरी नहीं बनाई गई है। पहली बार इस गैलरी के जरिए जनमानस में क्रांतिकारियों की स्मृतियों को शामिल करने के लिए इलाहाबाद म्यूजियम का चयन किया गया है। इसका प्रस्ताव म्यूजियम की गवर्निग बाडी के चेयरमैन व प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है।

अगले वित्तीय वर्ष में बनेगी गैलरी

म्यूजियम परिसर में साढ़े हजार स्क्वॉयर फिट जमीन पर आजाद गैलरी का निर्माण किया जाएगा। म्यूजियम प्रशासन की मानें तो अगले वित्तीय वर्ष में गैलरी का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उस समय तक अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, राजगुरु व दुर्गा भाभी जैसी क्रांतिकारियों के जीवन के अनछुएं पहलुओं का संग्रह एकत्रित कर लेने की योजना पर म्यूजियम प्रशासन की ओर से कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

वर्जन

क्रांतिकारी दुर्गा भाभी से जुड़ी हर सामग्री की हम खोज कर रहे हैं। उनकी स्मृतियां म्यूजियम में देखने को मिलेंगी। इसके लिए टीम का गठन कर दिया गया है, जिसे दो महीने के भीतर उनसे जुड़ी पूरी सामग्री एकत्र करने का निर्देश दिया गया है।

-डॉ। सुनील कुमार गुप्ता, निदेशक इलाहाबाद म्यूजियम