प्रयागराज (ब्‍यूरो)। देश में बीमारियों से ज्यादा मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो रही है इसमें सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि युवा वर्ग के लोगों की सड़क दुघर्टना में ज्यादा मौत हो रही है। ऐसे में हम सभी लोगों को चाहिए कि यातायात के सभी नियमों का पालन करें जिससे कि वह स्वयं सुरक्षित रहे और परिवार के लोगों को कोई परेशानी न होने पाये। यह बातें उप्र किन्नर वेलफेयर बोर्ड की वरिष्ठ सदस्य और किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि (टीना मा) ने कही। वह मंगलवार को किन्नर अखाड़ा और यातायात पुलिस की ओर से यातायात जागरूकता के लिए जानसेनगंज चौराहे से चौंक फांसी इमली तक निकाली गयी रैली में बोल रही थीं। उन्होंने लोगों को गुलाब का फूल देकर सुरक्षित यातायात के लिए जागरुक भी किया।

दोपहिया पर जरूर लगाएं हेलमेट
उन्होंने कहा कि अगर लोग यातायात नियमों से चले तो दुर्घटना नहीं हो सकती है। कहा कि दुपहिया वाहन चालक हेलमेट जरूर लगाये और वाहन पर दो से ज्यादा लोग बैठकर न चले। उन्होंने कहा कि कार चालक सीट बेल्ट जरूर लगाये। वाहन चलाते समय ओवरटेक से बचें क्योंकि अधिकांश दुर्घटनाएं ओवरटेक से और वाहन चालकों के नींद आने से हो रही है। यातायात निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय ने भी लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया। अपर आयुक्त पुलिस यातायात सीताराम और टीआई मनोज सिंह ने भी विचार व्यक्त किया। महामंडलेश्वर ने सुभाष चौराहे पर 251 वाहन चालकों में हेलमेट का वितरण करते हुए उनको जागरूक किया। यातायात जागरूकता कार्यक्रम में किन्नर अखाड़ा की श्रीमहंत संजनानंद गिरि, नैना, शोभा, छाया, पलक, नेहा, सना, रानी, संगीता, चवन्नी देवी, सलोनी, नर्मदा, सृष्टि, सुषमा सहित बड़ी संख्या में लोग थे।