सीओ मेजा से हाथापाई, पुलिस व पीएसी ने लाठी भांजकर खदेड़ा

ALLAHABAD: यमुनापार के मेजा एरिया में एक दुकान में हुई चोरी पुलिस के साथ ही हजारों लोगों के लिए सिरदर्द बन गयी। चोरी के विरोध सैकड़ों व्यापारियों ने हाईवे जाम कर दिया। घंटों चले इस हंगामे से शहर तक जाम की स्थिति पैदा हो गयी। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठी उठाने पर विवश होना पड़ा।

छह लाख की चोरी

लखनपुर गांव निवासी अरुण कुमार के मेजा स्थित तिवारी टेलीकॉम में शनिवार रात घुसे चोर लगभग छह लाख रुपये का सामान उठा ले गए थे। इसी से नाराज व्यापारी रविवार को झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया तो उनकी सीओ मेजा से झड़प हो गई। व्यापारी इलाके में आए दिन हो चोरियों से भड़के हुए थे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। रोड जाम से हाइवे पर गाडि़यों की लाइन बढ़ती जा रही थी। सीओ मेजा जाम खुलवाने की कोशिश की तो मेजा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से उनकी हाथापाई हो गई। यह देखते ही पुलिस वालों ने लाठी भांजनी शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गयी। व्यापारियों के सड़क से हटने के बाद यातायात बहाल हुआ।

प्राथमिक जांच में डायल 100 के कांस्टेबल व मेजा चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आई है। उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

अशोक कुमार राय, एसपी यमुनापार