- मनकामेश्वर मंदिर में शुरू हो गई ऑन लाइन रूद्राभिषेक की बुकिंग

- घर बैठे संकल्प लेकर लाइव देख सकेंगे रूद्राभिषेक

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: आदि देव महादेव की उपासना के सबसे पवित्र मास सावन की शुरुआत संडे से हो रही है। ऐसे में सावन में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए भक्त हर तरह से भगवान की उपासना करते हैं। सावन माह में भगवान शिव का अभिषेक करने की परम्परा पुरातन काल से चली आ रही है। ऐसे में शिवालयों में भी सावन में विशेष रूप से रूद्राभिषेक का आयोजन किया जाता है। जिसमें अधिक से अधिक संख्या में लोग शामिल होते हैं। लेकिन इस बार कोरोना महामारी के कारण शिव मंदिरों में भक्तों के लिए ऑन लाइन रूद्राभिषेक की व्यवस्था की गई है। जिससे वह घर बैठे ही रूद्राभिषेक करा सकते हैं।

ऑनलाइन लेते हैंसंकल्प

मनकामेश्वर मंदिर के महंत श्रीधरानंद ब्रम्हचारी जी महाराज ने बताया कि ऑनलाइन रूद्राभिषेक कोरोना संक्रमण को देखते हुए किया गया है। इस दौरान रूद्राभिषेक कराने वाले व्यक्ति को ऑन लाइन संकल्प दिलाया जाता है। इसके बाद मंदिर परिसर में वेदपाठी ब्राम्हण रूद्राभिषेक करते हैं जिसका लाइव टेलिकॉस्ट यजमान देखते हैं रूद्राभिषेक समाप्त होने के बाद यजमान संकल्प किए गए वस्तु को मंदिर भेजकर संबंधित ब्राम्हणों को प्रदान करते हैं। रूद्राभिषेक के लिए बुकिंग शुरू हो गई। अभी कुछ लोगों ने बुकिंग करायी है।

350 रुपए में सम्पन्न होगा रूद्राभिषेक

दक्षिण भारत के स्थापत्य कला के बेहतरीन उदाहरण के रूप में बंधवा स्थित शंकर विमान मंडपम में भी रूद्राभिषेक की तैयारी शुरू हो गई है। सावन में हर्ष मंदिर परिसर में रूद्राभिषेक कराया जाता है। इस बारे में मंदिर के पुजारी रमानी शास्त्री जी ने बताया कि रूद्राभिषेक का खर्च एक व्यक्ति पर 350 रुपए निर्धारित किया गया। हालांकि ऑनलाइन की व्यवस्था नहीं की गई है। लेकिन सोशल डिस्टेसिंग के साथ रूद्राभिषेक कराने की तैयारी है। अभी तक कुल 35 लोगों ने रूद्राभिषेक के लिए बुकिंग करायी है। इस दौरान मंदिर परिसर में ही टीवी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। जिसमें लोग रूद्राभिषेक होता लाइव देख सकेंगे। ये व्यवस्था कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए की गई है।