सरदार पटेल की जयंती पर शहर में हुए विविध कार्यक्रम

ALLAHABAD: लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाई गई। सोमवार को गांधी सभागार में कमिश्नर राजन शुक्ला ने लौह पुरुष के चित्र पर माल्यार्पण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधा था। इस विषय पर कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग द्वारा प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उदघाटन करते हुए एडीएम सिटी पुनीत शुक्ला ने कहा कि सरदार पटेल मजबूत इरादों वाले थे और अपनी बात पर अडिग रहते थे। डॉ। मनोज कुमार ने कहा कि लौह पुरुष ने तमाम अवरोधों को दरकिनार करते हुए देश को एकता के सूत्र में बांधा था।

सदैव कृतज्ञ रहेगा देश

भाजपा नगर कार्यालय में इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के त्याग और मानवता के लिए देश हमेशा कृतज्ञ रहेगा। वह कर्मशील व्यक्ति थे और धर्म में उनकी पूरी आस्था थी। इस मौके पर संजय गुप्ता, शशि वाष्र्णेय, डॉ। बीबी अग्रवाल, मुरारी लाल, चंद्रमा यादव, रवि केसरवानी आदि उपस्थित थे। इसी क्रम में वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति की बैठक में पूर्व सैनिकों ने चकनिरातुल में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सेनानी श्याम सुंदर पटेल और अध्यक्षता कैप्टन आरएस उत्तम ने की। संचालन जी यादव ने किया। इसी तरह अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा और छत्रपति शिवाजी महाराज जन कल्याण समिति की ओर से चकनिरातुल में सरदार पटेल की जयंती समारोह का आयोजन किया गया।