फैजाबाद से परिचित को ड्राप करने इलाहाबाद आया था

रिटायर्ड सीआरओ इसे इलाहाबाद ड्राप करके लौट रहे फैजाबाद के निवासी एलएलबी के छात्र को गोली मारकर स्कार्पियो लूट ली गयी। दो बाइकों से आए बदमाश लूट के बाद भाग निकले। घायल को एसआरएन रिफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है। घायल की तहरीर पर सोरांव थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस छानबीन में जुटी है। एक सप्ताह के भीतर सोरांव एरिया में हमला करके लूट का यह दूसरा मामला है।

स्कार्पियो खुद ड्राइव कर रहा था

घायल का नाम सुनील द्विवेदी पुत्र माता प्रसाद बताया गया है। उसके दाहिने पैर के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है। घटना शाम करीब पौने आठ बजे की है। सुनील अपने एक परिचित को छोड़ने के लिए खुद की स्कार्पियो से आज ही इलाहाबाद आया था। घटना के वक्त वह अकेले ही गाड़ी से घर फैजाबाद लौट रहा था। गाड़ी चला भी वही रहा था। सुनील ने बताया कि मेवालाल इंटर कालेज के सामने एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसकी गाड़ी के आगे अपने बाइक लगा दी। वह कुछ समझ पाता इसके पहले ही एक अन्य बाइक से तीन लोग पहुंचे और उसके पास पहुंच गये। उन्होंने जबरन गेट खोल लिया और नीचे उतरने को कहा। इसके बाद उन्होंने फायर कर दिया। उसने शरीर को अलग किया तो गोली दाहिने पैर के ऊपरी हिस्से में जा लगी।

खींचकर कर दिया गाड़ी से बाहर

सुनील के मुताबिक इसके बाद उन लोगों ने उसे गाड़ी से खींचकर बाहर कर दिया और गाड़ी के साथ बगल की सीट पर रखा मोबाइल जिसमें दो सिम लगे हुए थे लेकर भाग निकले। उसने चीख-पुकार मचायी तो स्थानीय लोग जुटे और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद उसे सोरांव सीएचसी ले जाया गया। यहां से डॉक्टर्स ने उसे एसआरएन हॉस्पिटल के लिए रिफर कर दिया। सुनील फैजाबाद में एक वकील के अंडर में मुंशी का काम करता है। उसने बताया कि वह खुद भी एलएलबी का छात्र है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मंगलवार को व्यापारी को मारी गयी थी गोली

मंगलवार को भी सोरांव एरिया में ही प्रतापगढ़ से लौट रहे दारागंज के व्यापारी को गोली मारकर लूट हुयी थी। व्यापारी की एक कंपनी की एजेंसी है। वह कैश कलेक्शन करके घर लौट रहा था। इस घटना को भी बाइक सवारों ने ही अंजाम दिया था। इसी दिन फाफामऊ में भी एक व्यापारी के साथ लूट की घटना हुई। टैगोर टाउन का रहने वाला व्यापारी अपनी एजेंसी बंद करके घर लौट रहा था। शॉप से निकलते ही बाइक से आए बदमाशों ने उसे तमंचा सटा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध और पीछा करने पर उन्होंने व्यापारी के पैर पर बाइक चढ़ा दी थी। इससे उनका पैर टूट गया। इन दोनों घटनाओं में अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं है। ऐसे में हुई तीसरी वारदात ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी है।