प्रयागराज ब्यूरो । सड़क पर चोरों का राज शुरू हो गया है। हाल फिलहाल की घटनाएं तो यही बताती हैं। पुलिस की सख्ती का असर चोरों पर नजर नहीं आ रहा है। जिसका नतीजा है कि चोर राह चलते छिनैती की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कहने के लिए पुलिस सख्त है। मगर ये सख्ती चोरों पर तो फिलहाल नजर नहीं आ रही है। अलोपीबाग में रास्ता पूछने के बहाने एक महिला से छिनैती हो गई तो कीडगंज में टेंपो से जा रहे एक युवक का मोबाइल छीन लिया गया। करेली में घर के बाहर खड़ी एक महिला से छिनैती हो गई।

बात कर रहे युवक का मोबाइल छीना
कीडगंज थाना एरिया के सोहबतियाग के रहने वाले अभय कुमार प्रतियोगी छात्र हैं। वह नैनी में कोचिंग करते हैं। शाम को सात बजे वह नैनी जाने के लिए टेंपो से निकले। नैनी ब्रिज पर टेंपो से जा रहे अभय मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी पीछे से आई बाइक पर बैठे युवक ने अभय का मोबाइल छीन लिया। घटना से अभय दंग रह गए। अभय ने कीडगंज थाने में मोबाइल छीने जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ई रिक्शा की बैटरी खोल ले गए चोर
विश्वजीत कुमार नई बस्ती कीडगंज के रहने वाले हैं। विश्वजीत ई रिक्शा चलाते हैं। विश्वजीत ने अपना ई रिक्शा घर के पास खड़ा किया। घटना 29 मई रात की है। पास में ही एक और ई रिक्शा खड़ा था। रात में चोर दोनों ई रिक्शा से छह बैटरी खोल ले गए। सुबह विश्वजीत ने ई रिक्शा से बैटरी गायब देखी तो परेशान हो गए। विश्वजीत ने कीडगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
महिला से छीना कंगन, बाली, मोबाइल
दारागंज थाना एरिया के तुलारामबाग की रहने वाली गीता द्विवेदी रोज सुबह अलोपी मंदिर दर्शन पूजन के लिए जाती हैं। तीन जून को भी वह सुबह आठ बजे मंदिर जाने के लिए निकलीं। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने गीता को रोक लिया और उनसे रास्ता पूछने लगे। गीता ने जानकारी से इंकार किया। तभी एक युवक ने अचानक गीता का हाथ पकड़कर सोने का कंगन निकाल लिया। घटना से गीता सहम गईं। युवक ने उनके दोनों कान की बाली और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद भाग निकले। डरी सहमी गीता जब तक शोर मचाती, दोनों युवक बाइक से भाग चुके थे। गीता ने दारागंज थाने में घटना की तरहरीर दी है। हालांकि बाद में पुलिस ने गीता के साथ छिनैती करने वालों को पकड़ लिया।

घर के गेट पर छीन लिया सोने की चेन
करेली एरिया के जीटीबी नगर के रहने वाले मो.मुस्तकीम अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार के घर गए थे। रात में करीब ग्यारह बजे वह लौटे। मुस्तकीम अपनी पत्नी के साथ गेट के पास खड़े थे। उन्होंने गेट खटखटाया। बच्चे जब तक गेट खोलते तब तक एक बाइक से दो बदमाश पहुंच गए। एक बदमाश ने तमंचा निकाल कर मुस्तकीम पर तान दिया। तमंचा देखकर पति पत्नी दोनों डर गए। एक बदमाश ने मुस्तकीम की पत्नी के गले से सोने की चेन खींच ली। तमंचा देखकर डरे मुस्तकीम शोर भी नहीं मचा पाए। दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले। मुस्तकीम ने करेली थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश में लगी है।


घर के बाहर खड़ी महिला से चेन छीने जाने की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
अमरनाथ राय, इंस्पेक्टर करेली