प्रयागराज ब्यूरो । इस महिला के हौसले और जोश ने बदमाशों के इरादे को पस्त कर दिया। उन्होंने लगा कि सन्नाटे का आलम है। आराम से चेन उड़ाने में कामयाब हो जाएंगे। डराने के लिए उन्होंने असलहा भी ले रखा था। बदमाशों के हाथ में तमंचा देखकर पब्लिक तो डर गयी लेकिन मार्निंग वाकर महिला ने हौसला नहीं छोड़ा। चेन पर हाथ डालने वाले बदमाश का कॉलर पकड़ लिया और उलझ गयी। इसके साथ ही वह लगातार मदद की गुहार लगाती जा रही थीं। पब्लिक भले ही उनकी गुहार पर आगे नहीं आयी लेकिन बदमाश जरूर पस्त हो गये। उन्होंने जान बचाकर भाग लेने में ही भलाई समझी। महिला ने घटना की सूचना जार्जटाउन पुलिस को दी तो पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक की। इससे बदमाशों की एक झलक तो मिल गयी लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि वे हैं कौन? पुलिस छानबीन में जुटी है।
मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं
मालवीय रोड स्थित विवेकानंद स्कूल के बगल में रहने वाले धर्मेंद्र सिंह बिजली विभाग में चीफ इंजीनियर रह चुके हैं। वर्तमान समय में वह रिटायर हो चुकी हैं। उनका बड़ा बेटा अनिमेष सिंह दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में डायरेक्टर है। छोटा बेटा अभिषेक सिंह स्टेट बैंक वाराणसी में ब्रांच मैनेजर हैं। गुरुवार सुबह करीब 5.30 बजे सुमन सिंह मार्निंग वाक को निकलीं। वह जगत तारन डिग्री कालेज के पास पहुंची थीं कि सफेद रंग की बाइक से दो बदमाश उनके पास पहुंचे। एक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की जंजीर छीनने की कोशिश की। सुमन पहले से सतर्क थीं तो उन्होंने चेन छीनने की कोशिश करने वाले बदमाश का कालर पकड़ लिया और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर मॉर्निंग वॉक पर निकले दूसरे लोगों का ध्यान भी उस तरह गया और वे रुकने लगे। कोई मदद के लिए आगे नहीं आया लेकिन बदमाशों में डर पैदा हो गया। असलहा साथ रखने वाला बदमाश अपने साथी को छुड़ाने के लिए आ गया। उसने सुमन सिंह को पिस्टल सटा दिया, लेकिन वह घबराई नहीं, बल्कि बदमाश को पकड़े रहीं। एक-दो तमाचा भी बदमाश को जड़ दिया। इसके बाद बदमाशों ने किसी तरह से वहां से भाग लेने में ही भलाई समझी और निकल गये।

कोई मदद को नहीं आया आगे
बदमाशों से उलझीं सुमन लगातार लोगों से मदद मांगती रहीं, लेकिन बदमाशों के हाथ में पिस्टल देखकर कोई उनकी सहायता को आगे नहीं आया। किसी प्रकार बदमाश उनके चंगुल से छूटे और बाइक पर सवार होकर भाग निकले। इसके बाद लोग उनके पास पहुंचे। कुछ ही देर में जार्जटाउन पुलिस पहुंची। सुमन सिंह ने तहरीर दी। थाना प्रभारी जार्ज टाउन राजीव श्रीवास्तव के मुताबिक बदमाशों का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

बिना नंबर की बाइक से थे
पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा तो इसमें सफेद रंग की बाइक पर दो बदमाश नजर आए। बाइक पर नंबर भी नहीं था। एक ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि दूसरे का चेहरा खुला था। पुलिस ने अन्य कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखा तो पता चला कि बदमाश संगम से काली सड़क होते हुए सोहबतियाबाग, गीता निकेतन से जगत तारन की तरफ आए थे। ाटनास्थल से वह केपी इंटर कालेज की तरफ जाने वाले मार्ग पर भागे थे, लेकिन आगे कहां गए, यह अभी तक पता नहीं चला है।

पिकेट के सिपाही हुए गायब
सुमन सिंह का कहना है कि जब वह बदमाशों से भिड़ी थीं और मदद की आवाज लगा रही थीं तो कुछ दूर पर पिकेट पर पुलिसकर्मी भी खड़े थे। उन पुलिसकर्मियों ने भी आवाज सुनी थी, लेकिन वह मदद को नहीं आए। बदमाश भाग निकले तो उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवाज देनी चाही, लेकिन वह भी गायब हो चुके थे।