केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सपा-बसपा को लिया आड़े हाथ कार्यकर्ताओं से कहा चुनावी महासमर में जान लड़ा देने का है समय

ALLAHABAD: उत्तर प्रदेश के ट्रेनी सीएम अखिलेश यादव पब्लिक की नजर में फेल हो चुके हैं। पांच साल तक उन्होंने यूपी का कोई डेवलपमेंट नहीं किया। लैपटाप व बेरोजगारी भत्ता बांटकर जनता को खरीदने की कोशिश की गई। लेकिन उनकी मंशा कामयाब नहीं हो सकी। वहीं अब जनता की अदालत में जाने का समय आया है तो यादव कुनबे ने मिलकर लड़ाई का ड्रामा शुरू कर दिया। यह बात अपना दल (अनुप्रिया गुट) की अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कही। वो सीएवी इंटरमीडियट कॉलेज में फ्राइडे को आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंची थीं।

जनता के न्याय आया समय

उन्होंने कहा कि सपा के गुंडों ने लोगों की जमीन पर कब्जा किया, खुलेआम कत्ल व बलात्कार किया। वहीं सीएम अखिलेश एक्शन लेने की बजाय सबको सह देते रहे। अनुप्रिया पटेल ने मायावती को निशाने पर लेते हुये कहा कि वो एनआरएचएम जैसे घोटाले में डूबी हैं। मायावती के शासनकाल में प्रदेश का विकास ठप था, कानून-व्यवस्था भी पूरी तरह से ध्वस्त रही। अब समय आ गया है कि प्रदेश में भाजपा व अपना दल की सरकार बनाकर जनता को न्याय, अधिकार, और सम्मान दिलावाया जाये। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर विधानसभा चुनाव की तैयारी में कूद पड़ने की अपील की।

महिलायें भी बड़ी तादात में पहुंची

बोलीं कि जहां भाजपा व अपना दल का प्रत्याशी उतरे वहां बिना किसी भेदभाव के उन्हें विजयी बनायें। केंद्रीय राज्यमंत्री कार्यक्रम में जुटी भारी भीड़ से भी गदगद नजर आयीं। खासकर, महिलाओं की बड़ी तादात देख वे काफी खुश रहीं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ। आरके वर्मा ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर करारा प्रहार किया। वहीं प्रदेश सचिव डॉ। राजेश सिंह व सुरेश यादव ने कहा कि सपा, बसपा जैसे दल लोगों की भावनाओं से खेल रहे हैं। ये दल जाति-धर्म के नाम पर उन्हें बांटकर वोट तो हासिल कर लेते हैं। लेकिन सत्ता मिल जाने पर स्वयं का हित साधने लगते हैं। सभा को अवध नरेश वर्मा, जय प्रकाश, सुभाष, रामलखन पटेल, दिनेश शुक्ल आदि नेताओं ने संबोधित किया।

कितने सीटों पर लड़ेंगी, नहीं बताया

इधर अपना दल (अनुप्रिया गुट) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने पत्रकारों से हुई बातचीत में कहा कि सपा की करनी ही उसे डुबोने का काम कर रही है। कहा कि सपा में चल रही कलह मात्र दिखावा है। यह हरकत इन्हें चुनाव में बहुत भारी पड़ेगी। बोलीं कि हमारा ध्यान प्रदेश में भाजपा व अपना दल की सरकार बनाकर जनता की सेवा करना है। प्रदेश में अपना दल (अनुप्रिया गुट) कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस सवाल को वो टाल गई। कहा कि सही समय पर इस बारे में बताया जाएगा।