प्रयागराज ब्यूरो । राजापुर में बदमाश पंकज भारतीया को गोली मारने वाला गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी कैण्ट पुलिस ने की है। पकड़े गए आरोपित ने अपने चचेरे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए बदमाश पर गोली चलाई थी। ये तो शुक्र रहा कि बदमाश बच गया। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस इस मामले में अन्य तीन आरोपितों की तलाश कर रही है।

ये है मामला

कई महीना पहले भूसा वाली गली के पास ऊंचवागढ़ी के रहने आदिल की हत्या कर दी गई थी। घटना रात में करीब दस बजे हुई थी। आदिल ई रिक्शा चलाता था। वह अपने घर के पास ई रिक्शा खड़ा करे भूसा वली गली से बाहर मेन रोड पर आया। आदिल एक पान की दुकान पर खड़ा था। तभी किसी बात को लेकर हुए विवाद में पंकज भारतीया ने अपने साथियों के साथ मिलकर आदिल को गोली मार दी। आदिल की मौके पर ही मौत हो गई।

जेल से छूट कर आया था पंकज

हाल ही में पंकज भारतीया निवासी ऊंचवागढ़ी जेल से छूट कर आया था। पुलिस ने आदिल की हत्या के आरोप में पंकज को जेल भेजा था। घटना वाली रात पंकज भूसा वाली गली में उसी पान की दुकान पर खड़ा था, जहां पर उसने आदिल को गोली मारी थी। इस दौरान आदिल का चचेरा भाई सलमान अपने परिवार के शहबाज, शवाब और रियासत के साथ पहुंच गया। पंकज पुराना बदमाश है, उसे अंदाजा नहीं था कि सलमान उसे गोली मार देगा। मगर बातचीत के दौरान अचानक सलमान ने पिस्टल से पंकज पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से पंकज घायल हो गया।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

कैण्ट पुलिस ने सलमान को टीवी टावर के पास से गिरफ्तार किया है। इस घटना में अन्य तीन नामजद शहबाज, शवाब और रियासत को पुलिस तलाश रही है। सलमान की गिरफ्तारी दारोगा सुरेंद्र सिंह यादव और कांस्टेबिल सुहैल खां ने की है।

पंकज भारतीया को गोली मारने में एक आरोपित सलमान को गिरफ्तार किया गया है। सलमान ने अपने चचेरे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए पंकज को गोली मारी थी। अन्य तीन आरोपितों की तलाश की जा रही है।

सुनील कुमार, इंस्पेक्टर कैण्ट