उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

ALLAHABAD: धूमनगंज थाने में एक विवाहिता ने देवर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। इसके अलावा ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न व मारपीट का भी आरोप लगाया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।

कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र की युवती की शादी कुछ साल पहले धूमनगंज के मीरापट्टी हरवारा निवासी युवक के साथ हुई थी। युवती का आरोप है कि विवाह के कुछ माह बाद उसे ससुराल के लोग दहेज के लिए परेशान करने लगे। अक्सर गाली गलौज व पिटाई करने लगे। घर से भगाने की धमकी भी देते थे। एक दिन वह घर में अकेली थी। तभी मौका देख देवर कमरे में घुस आया और जबरन दुष्कर्म किया। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी।

ससुराल वालों ने देवर का पक्ष लिया

दुष्कर्म की शिकार महिला ने जब इसकी शिकायत ससुराल वालों से की। तो सभी ने घटना को न मानते हुए देवर का पक्ष लिया। पीडि़ता ने मामले की लिखित शिकायत थाने पर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

अधिकारियो के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना काफी पुरानी है। रिपोर्ट दर्ज कर सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।

संदीप मिश्रा, इंस्पेक्टर धूमनगंज