ईद को लेकर शहर में रही असमंजस की स्थिति, ज्यादातर आज मनाएंगे ईद

शाम को चांद दिखा तो

अल्लाह पाक की इबादत के सबसे खास महीने माह ए रमजान के खत्म होने के बाद ईद की खुशियों को समटने में हर कोई मशगूल है। लेकिन इस बार ईद को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। कुछ लोगों ने गुरुवार को जहां ईद का जश्न मनाया, वहीं कई लोगों ने रोजा रखकर शुक्रवार को ईद मनाने की तैयारी की। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण रहा कि बुधवार को चांद की तस्दीक होने में कुछ अड़चन रही। देर शाम तक चांद दिखने की तस्दीक नहीं हो सकी। जिसके बाद सभी लोगों ने गुरुवार को रोजा रखकर शुक्रवार को ईद मनाने का फैसला लिया। लेकिन देर रात शहर ए काजी ने चांद दिखने का ऐलान कर दिया। जिन को इस बात की जानकारी हुई, उन्होने गुरुवार को ही ईद का जश्न मनाना शुरु कर दिया। जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने शुक्रवार को ईद मनाने का फैसला लिया है।

एक ही घर में किसी ने रखा रोजा, किसी ने मनायी ईद

ईद के चांद के दिखने को लेकर असमंजस का असर सिटी में कई परिवारों में भी देखने को मिला। जहां एक ही परिवार के कुछ मेंबर्स ने तो रोजा रखा और कुछ मेंबर्स ने ईद जश्न मनाया। नुरुल्लारोड के रहने वाले नूरी और सिराज ने रोजा रखा और उनकी बाकी फैमली मेंबर्स ने ईद मनायी। इसी प्रकार करेली के ब्लाक बी में रहने वाले मो। रहमान और हिना रहमान के घर में जहां हर कोई ईद के जश्न में डूबा रहा। वहीं दोनों लोगों ने रोजा रखकर पूरे दिन खुदा की इबादत में बिताया। मो। रहमान ने बताया कि चांद दिखने की स्थिति क्लीयर नहीं थी। ऐसे में रोजा रखकर शुक्रवार को ईद मनाने का उन्होंने फैसला किया।

सिटी के ज्यादा हिस्सों में आज मनेगी ईद

मुस्लिम धर्म में सिया और सुन्नी समुदाय के ज्यादातर लोगों ने शुक्रवार को ही ईद मनाने का फैसला लिया है। सिया धर्म गुरुओं ने पहले ही शुक्रवार को ईद का मनाने का एलान कर दिया था। वहीं सुन्नी समुदाय में बड़ी संख्या में लोगों ने गुरुवार को रोजा रखा और शुक्रवार को ईद मनाने की तैयारी की है। गुरुवार को ज्यादातर घरों में महिलाएं ईद की तैयारियों में जुटी रही। हालांकि लॉकडाउन के कारण सिटी के प्रमुख मार्केट में पिछले सालों जैसी रौनक तो नहीं दिखी। लेकिन फिर भी लोग ईद की तैयारियों के लिए जरूरी साजोसामान की शापिंग करने के लिए घरों से निकले। इस दौरान नुरुल्लारोड, रोशनबाग, नखासकोहना, चौक, कटरा जैसी मार्केट में पुलिस की टीमें भी लगातार फ्लैग मार्च करती रही और लोगों को सोशल डिस्टेसिंग व अनिवार्य रूप से मास्क पहनने के लिए अवेयर करती रही।