ALLAHABAD: फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में जैसे ही पार्टी प्रत्याशी को बढ़त मिलनी शुरू हुई सपा कार्यकर्ता जोश में आ गए। वे मुंडेरा मंडी समिति के बाहर नारेबाजी करने लगे। तब वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने लाठी भांजनी शुरू कर दी। इससे कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। लेकिन फिर दोनों पक्षों को अपनी गलती का अहसास हुआ मामला इससे आगे नहीं बढ़ा।

जुलूस निकाल रहे लोगों को दौड़ाया

करीब दो बजे कुछ सपा कार्यकर्ता धूमनगंज की तरफ से दर्जनों बाइक पर सवार आ रहे थे। वे नारेबाजी भी कर रहे थे। जैसे ही ये मुंडेरा मंडी के पास पहुंचे, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने दौड़ा लिया। इससे भागने की अफरा-तफरी में कई बाइक सवार गिर गए। उन पर पुलिसकर्मियों ने हाथ साफ कर लिया।

महिलाओं ने किया हंगामा

मुंडेरा मंडी के ठीक सामने ही सपा प्रत्याशी का केन्द्रीय कार्यालय था। कार्यालय पर भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं। महिलाएं पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ जिंदाबाद का नारा लगाते हुए सड़क पर उतर आई। जुलूस को देख पुलिस ने दौड़ाया तो कार्यकर्ता भागने लगे। इस बीच एक सिपाही ने महिला कार्यकर्ता को डंडा मार दिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ता एकजुट हो गए और डंडा मारने वाले सिपाही से गाली गलौज करने लगे। हालांकि अधिकारियों ने किसी तरह मामला संभाल लिया।

बाक्स

प्रत्याशी को देख बढ़ा जोश

दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही सपा प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह पटेल मुंडेरा मंडी पहुंचे, बधाई देने वालों की भीड़ सड़क पर लग गई। लोग अबीर गुलाल उड़ाने लगे और पटेल को चारों तरफ से घेर लिया। सड़क पर भीड़ लगते ही कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने इन्हें हटाने का प्रयास किया तो कहासुनी करने लगे। तब सीआरपीएफ के जवानों ने सभी को दौड़ा लिया। इसके बाद सभी वहां से भागे।

काउंटिंग में मौजूद रहे एसएसपी

एसएसपी आकाश कुलहरि सुबह काउंटिंग शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक मुंडेरा मंडी में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रहे। बीच-बीच में अंदर से लेकर बाहर तक की स्थिति का वे जायजा लेते रहे।

शाम होते ही लग गया जाम

शाम को काउंटिंग समाप्त होते ही इलाके में जाम लग गया। रिजल्ट घोषित होने के बाद जीते प्रत्याशी के समर्थक सड़क ढोल ताशे के साथ डांस करते झूमने लगे। इससे जाम की समस्या खड़ी हो गई। ट्रैफिक पुलिस ने किसी तरह जाम में फंसे लोगों को एक एक कर निकाला तो लोगों ने राहत की सांस ली।