दूरदर्शन पर स्टेज परफार्मेस देकर उद्देश्य से पेश की प्रतिभा की मिसाल

सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित उद्देश्य की सफलता से माता-पिता हैं गदगद

ALLAHABAD: अगर किसी में प्रतिभा है और वो सच्ची लगन से मेहनत करता है तो कोई भी बाधा उसके राह का रोड़ा नहीं बन सकती। सेरेब्रल पाल्सी से ग्रस्त उदेश्य ने ऐसे ही जज्बे को दिखाया है। जन्म से ही इस बीमारी से ग्रस्त उदेश्य ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर दूरदर्शन पर परफार्म करने का मौका हासिल किया। बेटे की सफलता से खुश पिता डॉ। कुलदीप सिंह ने बताया कि दूरदर्शन पर दी गई परफार्मेस का टेलीकास्ट 3 अगस्त को डीडी नेशनल पर सुबह आठ बजे होगा। जबकि उसका पुन: प्रसारण डीडी भारती पर रात दस बजे होगा।

दस साल की उम्र में पहली परफार्मेस

सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित उदेश्य को बचपन से ही म्यूजिक में रुचि थी। उसके पिता डॉ। कुलदीप सिंह ने बताया कि जब वो चार साल का था, तो उस समय उसके बर्थडे पर किसी ने उपहार में सिंथेसाइजर गिफ्ट किया था। जिसे वो दिन भर बजाने लगा। उदेश्य ठीक से बोल नहीं पाता इसलिए पहले तो समझ नहीं आया। लेकिन उसकी रुचि देखकर उसे एक नया सिंथेसाइजर खरीद कर दिया। उसके बाद घर पर ही ट्यूटर की व्यवस्था की। बेटे की लगन देखकर उसे आगे बढ़ाने की प्लानिंग की। जिसके बाद उसने पहली परफार्मेस महज दस साल की उम्र में दी। जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। 2011 से वह नियमित रूप से सिंथेसाइजर की ट्रेनिंग ले रहा है। इसके बाद उसने प्रयाग संगीत समिति से इस वर्ष सीनियर डिप्लोमा में डिक्टेंसन के साथ सफलता हासिल की।

कई जगह कर चुका परफार्म

उदेश्य ने अब तक कई मंच पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। एनसीजेडसीसी के कार्यक्रम चलो मन गंगा यमुना तीर, जी सिने स्टार की खोज में स्टूडियो राउण्ड, धूम मचा ले कार्यक्रम में आमिर खान, श्री पथरचट्टी में आयोजित हुए कुमार सानू के कार्यक्रम और एक कार्यक्रम में सरोज खान के साथ स्टेज शेयर किया है। इसके साथ ही रायबरेली महोत्सव में परफार्म कर लोगों की वाहवाही लूटी। उदेश्य का सलेक्शन 2013 के बालश्री एवार्ड के लिए भी हुआ है।