प्रयागराज (ब्‍यूरो)। मंगलवार को लोकसभा चुनाव की मतगणना ने शेयर मार्केट को तगड़ा झटका दिया। सुबह शेयर मार्केट खुला मगर इसके बाद उसमें लगातार गिरावट जारी रही। जिसका नतीजा रहा कि दोपहर में शेयर मार्केट बंद होने के समय तमाम प्रमुख शेयर गिर चुके थे। शेयर मार्केट में गिरावट का असर अडानी ग्रुप के चलते देखने को मिला। अडानी ग्रुप के लगभग शेयर में गिरावट दर्ज की गई। जानकारों का कहना है कि बीजेपी की सीटों में आई कमी का असर शेयर मार्केट पर पड़ा है।

दोपहर बाद संभल नहीं सके शेयर
आम दिनों की तरह मंगलवार को तय समय नौ बजे शेयर मार्केट ओपन हुआ। सवा नौ बजे से ट्रेडिंग शुरू हुई, चूंकि मतगणना का दिन होने की वजह से शेयर होल्डर बहुत ही सतर्क थे, क्योंकि उनके मन में केंद्र सरकार के बनने बिगडऩे को लेकर ऊहापोह की स्थिति थी। ऐसे में ग्यारह बजे के बाद शेयर मार्केट नीचे आना शुरू हुई तो फिर संभल नहीं सकी। दोपहर में शेयर मार्केट बंद होने के समय संसेक्स और निफ्टी दोनों ही पांच परसेंट ज्यादा लुढ़क गए। गिरावट का असर बड़ी कंपनियों पर कुछ ज्यादा ही रहा। बड़ी कंपनियों के शेयर में बीस से पच्चीस परसेंट की गिरावट दर्ज की गई। भेल के शेयर में 28 प्रतिशत और गेल के शेयर में 25 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट अडानी कंपनियों के शेयर में रही।

कोल इंडिया खुला 512.35 बंद 441.90
यूनियन बैंक खुला 169.90 बंद 136
अडानी एनर्जी खुला 1219.75 बंद 977.60
अडानी पोर्ट खुला 1558 बंद 1248.95
अडानी ग्रीन एनर्जी खुला 2029.90 बंद 1646
अडानी टांसमिशन खुला 1219.75 बंद 997.60
अडानी इंटरप्राइजेज खुला 3520 बंद 2941.23

मंगलवार को शेयर बाजार में गिरावट मतगणना परिणामों की वजह से हुई है। यह गिरावट अस्थाई है। दोपहर तक लोग भाजपा की सीटों को लेकर ऊहापोह की स्थिति में थे। उन्हें अस्थाई तौर पर शेयर मार्केट गिरने का खतरा सता रहा था, जिसकी वजह से शेयर की बिकवाली जबरदस्त रही। मगर यह गिरावट अस्थाई है। आने वाले समय में शेयर फिर चढ़ेंगे।
डीपी राय, शेयर कन्सल्टेंट