टोक्यो ओलंपिक जागरुकता रैली का संगमनगरी में भव्य अभिनंदन

पूर्व अंतराष्ट्रीय खिलाडि़यों ने प्रशिक्षुओं को दिए सफलता के मंत्र

लक्ष्य और अभ्यास, इन दो चीजों के बल पर सफलता निश्चित रूप से हासिल की जा सकती है। लेकिन, अनुशासित होना भी बेहद जरूरी है। इसलिए प्रत्येक खिलाड़ी को सबसे पहले लक्ष्य निर्धारित कर सही दिशा में अभ्यास करना चाहिए। ये बातें मुख्य अतिथि व पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी, अर्जुन अवार्डी अभिन्न श्याम गुप्ता ने अमिताभ बच्चन स्पो‌र्ट्स कॉम्प्लेक्स में टोक्यो ओलिंपिक जागरूकता रैली के स्वागत समारोह में कही। पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट व लक्षमण अवार्डी प्रमोद तिवारी ने कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है। बल्कि दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

आनंद भवन भी पहुंची यात्रा

टोक्यो ओलिंपिक जागरुकता रैली गुरुवार दोपहर प्रतापगढ़ होकर फाफामऊ तिराहे पर पहुंची तो स्वागत किया गया। इसके बाद आनंद भवन पहुंचने पर अभिनंदन हुआ। जागरूकता रैली अमिताभ बच्चन स्पो‌र्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंची तो यहां भी खिलाडि़यों ने तालियों की गड़गड़ाहट से भव्य स्वागत किया गया। ओलिंपिक में शामिल होने वाले खिलाडि़यों के उत्साहवर्धन के लिए रामपुर से लखनऊ वाया प्रयागराज 18 मंडल के 51 जिलों में होकर 23 जुलाई से चार अगस्त तक 3625 किलोमीटर की दूरी तय की जानी है। खेल जगत फाउंडेशन की ओर से आयोजित जागरूकता रैली में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, उत्तर प्रदेश ओलिंपिक एसोसिएशन, गे्रपलिंग एसोसिएशन, नेहरू युवा केंद्र संगठन ने सहयोग किया। अध्यक्षता क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी व आयोजन सचिव अनिल तिवारी ने की। इस मौके पर क्रीड़ाधिकारी संदीप गुप्ता, उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सोनकर व देवी प्रसाद के अलावा रिले संयोजक रतन कुमार गुप्ता, रिले समन्वयक रविकांत मिश्रा, उत्तर प्रदेश ओलिंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय, संगीता, प्रमिला भारती, सतेंद्र सिंह, संजय गुप्ता व बृजेश यादव आदि रहे। वहीं, दोपहर दो बजे जागरूकता रैली भदोही रवाना हो गई।

खिलाडि़यें में दिखा उत्साह

जागरूकता रैली प्रयागराज सीमा में प्रवेश की तो ग्रेपलिंग आल इंडिया यूनिवर्सिटी सिल्वर विजेता बलराम यादव, मोहन कुमार व विपिन कुमार का उत्साह देखते ही बन रहा था। मशाल के साथ फाफामऊ से आनंद भवन होते हुए सभी अमिताभ बच्चन स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स पहुंचे।

सभी जिलों में जागरूकता रैली का स्वागत किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय खिलाडि़यों में उत्साह भी है।

शरद गुप्ता, बरेली

जागरूकता रैली 51 जिलों में होकर लखनऊ पहुंचेगी। इसका उद्देश्य खिलाडि़यों को जागरूक करने का है।

लखन सिंह, फतेहपुर