प्रयागराज ब्यूरो ।एक बकरे ने पुलिस को दौड़ा दिया। घर के बार से चोरी बकरा को बरामद करने के लिए पुलिस को खासी भागदौड़ करनी पड़ी। घटना पूरामुफ्ती एरिया की है। हुआ यूं कि कुर्बान अली ने एक बकरा खरीदा। घर के बाहर बंधा बकरा गायब हो गया। कुर्बान अली ने अपना बकरा पाने के लिए रात दिन एक कर दिया। जिसका नतीजा रहा कि पूरामुफ्ती पुलिस को बकरे को खोजने के लिए दौड़ लगानी पड़ी। राहत की बात ये रही कि बकरा मिल गया। और इसी के साथ बकरा चोरी करने वाले दोनों चोर भी पकड़ लिए गए। पुलिस ने दोनों बकरा चोर का चालान कर दिया है।

पंद्रह हजार में खरीदा बकरा
कौशांबी के पिपरी थाना एरिया के महमदपुर के रहने वाले असरार अहमद बकरा खरीदने बेचने का काम करते हैं। छह मई को वह मनौरी में बकरा बेचने आए। कुर्बान अली पूरामुफ्ती थाना एरिया के मनौरी के रहने वाले हैं। कुर्बान अली ने असरार का बकरा देखा। बकरा पसंद आ गया। बातचीत में पंद्रह हजार में बकरा तय हो गया। पांच हजार एडवांस देकर कुर्बान अली बकरा अपने घर ले आए। वह बकरे के लिए चारा लेने घर के अंदर गए। इस बीच बकरा गायब हो गया। हल्ला मचा तो आसपड़ोस के लोगों ने बताया कि एक बाइक से आए दो लोग बकरा लेकर जाते दिखे हैं।

काम आया सीसीटीवी
सीसीटीवी वाकई में बहुत काम का है। कुर्बान अली ने गांव के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज देखी तो उसमें दो युवक बाइक से बकरा ले जाते हुए दिखे। दोनों की पहचान हो गई। एक युवक दानिश बमरौली का रहने वाला है, जबकि दूसरा रवि पटेल मानिकपुर का। कुर्बान अली ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी एक्टिव हो गई। रात में कुर्बान अली पुलिस के साथ मानिकपुर गांव रवि पटेल के घर पहुंचे। रवि घर पर मिल गया। पुलिस उसे थाने ले आई। पुलिस ने रवि पर उसके दूसरे साथी दानिश को पकड़वाने के लिए दबाव डाला। दूसरे दिन शुक्रवार को रवि ने दानिश को फोन किया। दानिश ने उसे मिलने के लिए सल्लाहपुर बुलाया। दानिश को पता नहीं था कि रवि पुलिस के कब्जे में है। दानिश सल्लाहपुर पहुंच गया। वहां पर रवि पुलिस के साथ पहुंचा। पुलिस ने दानिश को दबोच लिया। इसके बाद उसके कब्जे से बकरा बरामद किया।
केस दर्ज करके भेजा जेल
शनिवार को पूरामुफ्ती पुलिस ने कुर्बान अली की तहरीर पर बकरा चोरी का केस दर्ज किया। केस रवि और दानिश के खिलाफ दर्ज किया गया। इसके बाद रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।


मनौरी गांव से एक बकरा चोरी की तहरीर मिली थी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। दो बकरा चोर गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों का चालान कर दिया गया है। बकरा बरामद कर लिया गया है।
अजीत सिंह, थानाध्यक्ष पूरामुफ्ती