प्रयागराज (ब्‍यूरो)। धूमनगंज के भागलपुरवा में आरती की मौत छत से गिरने से नहीं हुई थी। आरती का कत्ल हुआ था। पुलिस ने बच्चों के बयान के बाद आरती के पति मनोज को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मामले में तहरीर का इंतजार था। महिला के बहनोई ने तहरीर देकर केस दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया।

छत से गिरने का मचा था शोर
भागलपुरवा गांव में पिछले दिनों आरती की मौत हो गई। पड़ोसी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस पहुंची तो पति मनोज ने बताया कि आरती छत पर लौकी लेने गई थी। इस दौरान वह छत से गिर गई। पुलिस को पता चला कि पति पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। जिसकी वजह से दोनों में तनातनी बनी रहती थी। पुलिस ने इस बात की तस्दीक बच्चों से की। बच्चों ने भी पुलिस को लड़ाई झगड़े के बारे में बताया। इसके बाद तस्वीर साफ हो गई कि आरती छत से गिर कर नहीं बल्कि मारने से मरी है। मगर पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली। जिस पर पुलिस के हाथ बंधे हुए थे।

बहनोई ने दर्ज कराई
आरती के एक बहनोई हरीलाल चरवा कौशांबी में रहते हैं। हरीलाल ने साली आरती की हत्या का संदेश जताते हुए धूमनगंज थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। इसके बाद मनोज को गिरफ्तार कर लिया। मनोज के कब्जे से पुलिस ने लकड़ी की पाटी बरामद की। जिससे उसने घटना वाले दिन पत्नी आरती को पीटा था।

मनोज ने अपनी पत्नी पर लकड़ी की पाटी से वार किया था। महिला आरती के बहनोई की तहरीर पर केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार किया गया है। उसने हत्या की बात स्वीकार की है।
राजेश कुमार मौर्य, इंस्पेक्टर धूमनगंज