प्रयागराज (ब्यूरो) सी विजिल ऐप के जरिए अभी तक कुल 29 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इनमें से 18 शिकायतें फर्जी मिली हैं। इनको ड्राप कर दिया गया है। हालांकि इससे प्रशासनिक अमले को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर यहां कुछ खास नही मिलता है। कई बार लोग जानकारी के अभाव में फालतू शिकायत कर देते हैं। लेकिन निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देश के चलते अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचना पड़ता है।

नहीं जानते निस्तारण का तरीका
प्रशासन की ओर से सी विजिल पर मिली शिकायतों का त्वरित निस्तारण की व्यवस्था की गई है। इसमें 50 मिनट के भीतर शिकायत को साल्व करना होता है। अगर कहीं पर पोस्टर बैनर या झंडा लगा है तो उसे इस समय सीमा में हटाकर इसकी फोटो अपलोड करनी होती है। लेकिन इस तकनीकी जानकारी के अभाव में कई बार उडऩ दस्तों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। अगर समय पर शिकायत का निस्तारण नही किया गया तो निर्वाचन आयोग की ओर से मानीटरिंग शुरू हो जाती है और संंबंधित अधिकारी को इसका स्पष्टीकरण देना होता है।