प्रयागराज (ब्यूरो)। बेरहमी के साथ मौत के घाट उतारी गई युवती ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में बीए सेकंड ईयर की छात्रा थी। कातिलों द्वारा उसकी हत्या के बाद बॉडी को आईईआरटी के पास घने जंगल में स्थित एक पुराने कुएं में फेंक दिया था। छात्रा की रूम मेट वृक्षा द्वारा दी गई सूचना के आधार पर सोमवार को परिवार ने कर्नलगंज पुलिस को तहरीर दी थी। छात्रा के परिवार द्वारा बनाए गए दो नाम अमन और दीपक को पुलिस ने उठा लिया। वह दोनों भी यहां रहकर पढ़ाई करते हैं। अमन आजमगढ़ जिले का है। पूछताछ में इन्हीं दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से बॉडी बरामद की थी। पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया अमन छात्रा का आशिक बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अमन द्वारा यह बात स्वीकार की गई कि वह छात्रा के साथ देर शाम उस जंगल की तरफ ग्राउंड में गया था। अमन द्वारा बताई गई स्टोरी में उसे जंगल के ग्राउंड में कुछ लड़के मिले और मारपीट करने लगे। युवकों की पिटाई से बचने के लिए छात्रा को उनके चंगुल में छोड़ कर खुद भाग निकला। इसके बाद दूर से वह देखा कि छात्रा को वे लड़के जंगल की तरफ खींचकर ले जा रहे थे। अमन व दीपक के मुताबिक इसके बाद क्या हुआ उन्हें कुछ नहीं पता। यह इस घटना का पार्ट है।

कहीं अमन ही तो नहीं है कातिल?

मगर, इस कत्ल की स्टोरी के दूसरे पन्ने में अमन खुद कातिल के रूप में देखा जा रहा है। उसे कातिल समझने के पीछे लोगों के पास कई तर्क और कंडीशन हैं।

कहा जा रहा है कि जब वह युवकों से बच कर भाग निकला था तो इस बात की सूचना उसने पुलिस को क्यों नहीं दी।

जबकि उसे यह बात मालूम था कि साथ रही प्रेमिका यानी छात्रा उन युवकों के चंगुल में है और वे उसे लेकर जंगल की तरफ गए हैं।

सवाल उठ रहे हैं कि बेहद घने जंगल में इतनी शाम को छात्रा के साथ अमल क्यों गया था।

जबकि वह खुद पुलिस को बताया है कि छात्रा को वे किताब देने के लिए बुलाया था। किताब वह कहीं और भी उसे दे सकता था।

फिर जंगल में ले जाने की नौबत क्यों आई। आमतौर पर देखा गया है कि एक सूचना पर हॉस्टल के छात्र किसी भी स्थिति में मदद के लिए कभी भी और कहीं भी पहुंच जाते है।

फिर हॉस्टल में रहने वाला अमन इस बात की खबर साथी छात्रों को देकर मदद मांगने की जरूरत क्यों नहीं समझा?

छात्रा के साथ यह घटना शनिवार 22 तारीख की साम हुई थी। फिर अमन शनिवार से लेकर पुलिस के हत्थे चढऩे तक खामोश क्यों था।

अमन के दोस्त दीपक का रोल भी इस घटना में लोग संदिग्ध ही मान रहे हैं।

मामले में अभी तक कुछ खास चीजें नहीं आई हैं। रेप की पुष्टि के लिए डॉक्टरों द्वारा स्लाइड सुरक्षित की गई है। जिसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। हिरासत में लिए गए अमन व उसके साथी से पूछताछ की जा रही है। घटना में कुछ और लड़कों के शामिल होने की बात कही जा रही है। जिनकी तलाश जारी है।

अजीत सिंह चौहान, सीओ कर्नलगंज