- प्रेमिका ने खोला राज, बिन दुल्हन लौटी बारात

- लड़की पक्ष को शादी का खर्च लौटाने के बाद छूटी जान

BAHARIA(3 March,JNN): दो शादी पहले ही कर चुका था। प्रेम प्रसंग भी चल रहा था। इसके बाद भी तीसरी शादी रचाने पहुंच गया। लेकिन ऐन वक्त पर पहुंची प्रेमिका ने सारा भाण्डा फोड़ दिया। इसके बाद लकड़ी वालों ने दूल्हे सहित घर वालों को बंधक बना लिया। यह देख बाराती भी पतली गली से निकल भागे। घंटों की फजीहत के बाद लड़की वालों ने शादी का सारा खर्च वसूल करने के बाद दूल्हे व परिजनों की जान छोड़ी। मामला बहरिया थाना क्षेत्र के कटनई गांव का है।

ऐन वक्त पर खुली पोल

प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र निवासी अतुल पाण्डेय की शादी बहरिया थाना क्षेत्र के कटनई गांव में तय हुई थी। बुधवार को वह बारात लेकर शादी करने यहां पहुंचा। लड़की वाले बारातियों के स्वागत में जुटे थे, लेकिन इसी बीच प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र की रेखा (परिवर्तित नाम) तीन-चार महिलाओं के आ पहुंची। उसने खुद को अतुल की प्रेमिका बताते हुए बखेड़ा खड़ा कर दिया। लड़की के घर वालों को सारा माजरा पता चला तो उन्होंने दूल्हे सहित परिजनों को बंधक बना लिया। इस दौरान पता चला कि अतुल इसके पहले भी दो शादी लखनऊ व कानपुर में कर चुका है। इससे लड़की वालों का पारा गरम हो गया। उन्होंने तत्काल शादी का पूरा खर्च अदा करने की बात कही। जब लड़के वालों ने पूरा पैसा वापस कर दिया तो उन्हें छोड़ा गया। मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।