प्रयागराज (ब्‍यूरो)। माफिया अतीक की चार बहने हैं। एक बहन अतीक के कदम से कदम मिलाकर उसकी हर दम मददगार बनी रही। बाकी की तीन बहनों से अतीक का रिश्ता न के बराबर रह गया था। अतीक से रिश्ता रखने वाली बहन को अतीक ने तोहफा भी दिया था असद का रिश्ता उसकी बेटी से कुबूल करके। सारी बातें फाइनल थीं। उमेश पाल हत्याकांड नहीं हुआ तो दोनो निकाह भी पढ़ लेते। लेकिन, किस्मत ने साथ नहीं दिया तो उमेश पाल हत्याकांड में असद का सीधा इनवाल्वमेंट सामने आ गया। उसे पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इस बहन का पति जो मेरठ में एसीएमओ की पोस्ट पर तैनात था वर्तमान समय में नैनी जेल में बंद है। बाकी तीन बहनों का कहीं कोई जिक्र न तो उमेश पाल हत्याकांड के बाद हुआ और न ही अतीक और अशरफ के मारे जाने के बाद। अतीक के दो बच्चे अनाथ हो गए तो अब दो बहनों का भी नाम सुर्खियों में आ गया है। दोनों पिछले दस साल में शायद ही कभी अतीक से मिली हों। और चौथी बहन शादी के बाद कभी फिर अपने मायके लौटकर आई ही नहीं।

अतीक की हैं चार बहने
अतीक की चार बहने हैं। दो उससे बड़ी हैं। जबकि दो बहनें उससे छोटी। अतीक की सबसे बड़ी बहन परवीन की शादी हटवा पूरामुफ्ती के रहने वाले साजिद अली कुरैशी से हुई थी। ये रिश्ता अतीक के पिता ने किया था। साजिद अली मध्यप्रदेश में सरकारी मुलाजिम थे। शादी के बाद परवीन मध्यप्रदेश अपने पति के साथ चली गई। इसके बाद अतीक के पिता ने अपनी दूसरी नंबर की बेटी शाहीन की शादी मरियाडीह के मोहम्मद अहमद के साथ की। इस दौरान अतीक माफिया बनने लगा तो उसके दोनों बहनोइयों ने उससे दूरी बना ली। एक वक्त ऐसा भी आया जब बोलचाल भी बंद हो गई। रिटायर होने के बाद साजिद अली ने करेली जीटीबी नगर में मकान बनवाया मगर वह कभी अतीक के घर नहीं गए। यही हाल मोहम्मद अहमद का रहा। अतीक मरियाडीह जाता रहा मगर उसके बहनोई को अतीक का घर आना पसंद नहीं था।

दोनों के घर कभी नहीं गई पुलिस
माफिया अतीक और अशरफ का जलजला पूरे प्रदेश ने देखा। एक के बाद एक दोनों भाइयों के खिलाफ सैकड़ा भर केस दर्ज हुआ मगर अतीक के दोनों बहनोई के घर पुलिस कभी दस्तक देने नहीं पहुंची। पुलिस जांच में बताया जाता रहा कि इन दोनों रिश्तेदारों का अतीक से कोई रिश्ता नहीं है।

तीसरी बहन ने हर कदम निभाया साथ
अतीक की तीसरी बहन आयशा बानो को शानो शौकत भरी जिंदगी पसंद थी। उसका रिश्ता अतीक ने डा.एखलाक से किया। मेरठ के डा.एखलाक ने अपनी पत्नी आयशा नूरी और साले अतीक का साथ दिया। जिसका नतीजा रहा कि उमेश पाल हत्याकांड में डा.एखलाक को जेल जाना पड़ा और आयशा नूरी फरार बताई जा रही है।

चौथी बहन कभी नहीं आई मायके
पुलिस सूत्रों की मानें तो अतीक की चौथी नंबर की बहन की शादी अलीगढ़ में हुई है। उसका रिश्ता बड़ी बहनों ने कराया। वह अतीक के कारनामों से इस कदर आजिज थी कि एक बार शादी में विदाई के बाद कभी वह वापस मायके नहीं आई।