आश्रय स्थल का उद्घाटन आरएसएस प्रांत सेवा प्रमुख नागेंद्र ने किया

आदर्श जूनियर हाई स्कूल सीपीआई परिसर में 50 बेड का नि:शुल्क आश्रय स्थल शुरू

प्रयागराज में वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर कोविड मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खासतौर पर एसआरएन में जहां मरीज एडमिट है और उनका इलाज चल रहा है। वहीं उनके तीमारदारों को भी जीने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। तीमारदारों की इसी मुसीबत को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी आरएसएस ने पहल की है। संघ की ओर से तीमारदारों की निस्वार्थ सेवा के लिए नर सेवा नारायण सेवा को मानते हुए मदद का बीड़ा उठाया है। आरएसएस के सेवा विभाग प्रयाग महानगर विभाग की ओर से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के पास स्थित आदर्श उत्तर प्रदेश जूनियर माध्यमिक विद्यालय सीपीआई परिसर में तीमारदारों के रहने के लिए सात कमरों 50 बेड की व्यवस्था शुरू की है। जो पूरी तरह से नि:शुल्क है।

महिलाओं के लिए है अलग व्यवस्था

- संघ की ओर से तीमारदारों के लिए शुरू की गई व्यवस्था के मद्देनजर दो कमरों में महिला तीमारदारों के लिए अलग से बेड की व्यवस्था है।

- सेवा विभाग के बैनरतले अस्पतालों में रह रहे मरीजों के तीमारदारों के रहने एवं भोजन की व्यवस्था यहां पर है।

- जिसमें दोपहर बारह बजे से दो बजे और सायं सात बजे से नौ बजे तक भोजन तथा औषधि युक्त काढ़ा एवं चाय की व्यवस्था की गई है।

पूरे कैम्पस को पर-डे किया जायेगा सेनेटाइज

तीमारदारों के लिए की गई व्यवस्था का शुभारंभ सोमवार से हो गया है। आश्रय स्थल का उद्घाटन आरएसएस के प्रांत सेवा प्रमुख नागेंद्र जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख आलोक मालवीय, प्रान्त सह कार्यवाह डा राज बिहारी, प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख राकेश सिंह सेंगर, प्रान्त प्रचार प्रमुख डा मुरार जी त्रिपाठी, विभाग प्रचार प्रमुख वसु, विभाग शारीरिक प्रमुख अवधेश, जिला प्रचारक प्रयाग उत्तर प्रेम सागर, भाग कार्यवाह प्रयाग उत्तर शिव प्रकाश, सहभाग कार्यवाह प्रयाग दक्षिण मनोज जी, भाग सेवा प्रमुख प्रयाग उत्तर राकेश जी, सह भाग सेवा प्रमुख प्रयाग उत्तर ब्रह्मा शंकर जी, भाग सेवा प्रमुख प्रयाग दक्षिण सत्येन्द्र जी उपस्थित रहे। विभाग प्रचार प्रमुख वसु जी ने बताया कि संघ की ओर से परिसर में प्रतिदिन सेनेटाइजेशन की व्यवस्था भी की गई है। समय-समय पर परिसर को साफ सुथरा रखने के लिए कमरों और परिसर को सेनेटाइज कराया जाएगा।