-पेडिंग बिल के लिए कर्मचारी करते रहे फोन, कंज्यूमर बाहर फंसे होने का देते रहे हवाला

-अंतिम दिन भी उपभोक्ताओं ने फिक्स्ड चार्ज छूट का नहीं उठाया फायदा

PRAYAGRAJ: फिक्स्ड चार्ज से छूट के बाद भी कम बिल जमा हुआ है। मंगलवार को इसका आखिरी दिन था। इसके बावजूद कंज्यूमर्स ने इंट्रेस्ट नहीं दिखाया। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट रिपोर्टर्स ने विभिन्न डिवीजनों का रियलिटी चेक किया। इस दौरान बिजली कर्मचारी कॉमर्शियल कंज्यूसर्म को फोन कर उन्हें बिजली बिल जमा करने को प्रेरित करते दिखे। लेकिन कंज्यूमर्स इसको लेकर उत्साह दिखाने के बजाए तमाम तरह के बहाने बनाते नजर आए। किसी ने खुद के बाहर फंसे होने का हवाला दिया। तो किसी ने लॉकडाउन में व्यापार में तंगी की बात कही।

प्रभावित कॉमर्शियल कनेक्शन

दुकान, होटल, निजी अस्पातल, कोचिंग, जिम आदि के बिल सबसे कम जमा हुए हैं।

विद्युत कर्मचारी व बकाएदार के बीच बातचीत

केस-1

टैगोर टाउन डिवीजन

कर्मचारी: विद्युत विभाग से बोल रहा हूं, काफी लंबा बिल बकाया है। फिक्स्ड चार्ज से छूट का लास्ट डे है।

बकाएदार: व्यापारी आदमी हूं लॉकडाउन के कारण व्यापार बंद था।

कर्मचारी: छूट की लास्ट डे है। आगे फायदा नहीं मिलेगा।

बकाएदार: ठीक है। लेकिन इनकम कुछ हुई नहीं है तो कैसे जमा कर दें?

कर्मचारी: अगर पूरा बिल जमा करते हैं तो अगले महीने के बिल में फिक्स्ड चार्ज पर छूट मिलेगी।

बकाएदार: समझ रहे हैं। लेकिन अब जाकर कुछ व्यापार पटरी पर आ रहा है, अगले महीने कोशिश करते हैं।

केस-2

बमरौली डिवीजन

कर्मचारी: उपकेंद्र से बोल रहा हूं आपका पचास हजार तक का बिल बकाया है।

बकाएदार: अच्छा ठीक। बाहर फंसा हूं। आकर जमा करता हूं।

कर्मचारी: फिक्स्ड चार्ज से छूट का लास्ट डे है।

बकाएदार: मतलब?

कर्मचारी: सिर्फ खर्च यूनिट का ही पैसा लिया जाएगा। कुछ एक्स्ट्रा नहीं।

बकाएदार: लंबे टाइम से तो होटल बंद चल रहा था। अब शुरू हुआ लेकिन कमाई हो नहीं रही है। वेट करें हो जाएगा।

केस-3

रामबाग डिवीजन

कर्मचारी: बिल जमा करने के संबंध में फोन कर रहा हूं।

बकाएदार: कितना बिल बाकी है?

कर्मचारी: तीस हजार के आसपास है।

बकाएदार: ठीक है एक हफ्ते में जमा करता हूं।

कर्मचारी: आज अगर जमा करते है तो फिक्स्ड चार्ज से छूट मिल जाएगा।

बकाएदार: पूरा पैसा तो नहीं होगा, व्यापार बिल्कुल ठप है।

कर्मचारी: पूरा जमा करने पर अगले महीने भी छूट मिलेगी।

बकाएदार: इतने बड़े व्यापार नहीं है भाई साहब कुछ दिन में कमा कर जमा करते हैं।

फिक्स्ड चार्ज में छूट पाने के लिए डिवीजन में प्रचार-प्रसार कराया गया है। तीस जून तक के पूरे बिल का पेमेंट करने पर अगले महीने छूट के बारे में भी जानकारी दी गई है। लास्ट डे बिल जमा हुआ है लेकिन कम हुई है। जिन लोगों ने लाभ उठाया है उनको अगले महीने लाभ मिलेगा।

-आलोक सिंह यादव, केंद्रांचल डिवीजन