प्रयागराज ब्यूरो । शनिवार को मतदान दिन सड़कों से टेंपो नदारद रहे। जिससे लोग साधन की तलाश में परेशान रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को रही। उन्हें अपने घर जाने के लिए साधन नहीं मिल पाया। जंक्शन पर भी टेंपो नहीं मिले। जिससे यात्रियों को रोडवेज बस अड्डा आना पड़ा। वहां से बसों से जैसे तैसे लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

मतदान की वजह से सुबह से लेकर शाम तक सड़कों पर टेंपो नहीं चले। एक दुक्का टेंपो चले भी तो सवारियों से ठसाठस भरे रहे। ऐसे में सिविल लाइंस से लेकर तेलियरगंज तक तमाम जगहों पर लोग साधन का इंतजार करते रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत जंक्शन पर ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को हुई। जंक्शन से बाहर आने पर उन्हें साधन नहीं मिले। ऐसे में ई रिक्शा से यात्री सिविल लाइंस रोडवेज बस अड्डा पहुंचे। वहां से बसों से लोग अपने घरों के लिए रवाना हुए।

ई-रिक्शा चालकों की रही चांदी

रेलवे जंक्शन पर शनिवार को ई रिक्शा चालकों की चांदी रही। टेंपो नहीं चलने की वजह से ई रिक्शा से लोग रोडवेज बस अड्डा पहुंचे। वहीं, सड़कों पर भी केवल ई रिक्शा ही दौड़ते नजर आए।