दोगुनी महंगी हो गई कीवी, मजबूरी में खरीद रहे लोग

अन्य तरीकों से बॉडी में बढ़ती है प्लेटलेट्स

कोरोना के साथ शहर में फैल रहा डेंगू लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगा है। खासकर डेंगू के इलाज में यूज होने वाला कीवी फल का दाम आसमान छूने लगा है। मार्केट में इसकी कीमत डेढ़ से दोगुनी हो गई है। बावजूद इसके मजबूरी में लोग इसे खरीद रहे हैं। दुकानदार भी तीन गुना मुनाफा कमाने से बाज नही आ रहे। फिलहाल कीवी के दाम कम होने के आसार नजर नही आ रहे।

दस की खरीद, 30 में बिक्री

सरकारी आंकड़ों में भले ही कोरोना के आगे डेंगू लापता नजर आ रहा हो लेकिन ब्लड बैंकों में प्लेटलेट्स के लिए लगी लंबी लाइन इसकी कहानी बयां कर रही हैं। डॉक्टर्स खुद मरीजों को कीवी खाने की सलाह दे रहे हैं। यही कारण है कि फल की दुकानों में एक पीस कीवी की कीमत 25 से 30 रुपए बताई जा रही है। जबकि इनकी खरीद दस रुपए के आसपास है। दुकानदार मौके की नजाकत का फायदा उठाकर तीन गुना तक मुनाफा कमा रहे हैं।

पहाड़ी फल है कीवी

दरअसल कीवी की पैदावार हिमाचल के कुछ हिस्सों में होती है। इसलिए इसे पहाड़ी फल कहा जाता है। बॉडी की इम्युनिटी बढ़ाने का जबरदस्त आप्शन होने के चलते सीजन में इसकी डिमांड कई गुना बढ़ जाती है। वर्तमान में इंडोनेशिया, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड से कीवी आयात हो रहा है। कीवी खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। इससे खून में प्लेटलेट्स जैसे तत्वों की संख्या अपने आप बढ़ने लगती है।

सस्ते उपाय भी बढ़ाते हैं प्लेटलेट्स

पपीता और पपीते के पत्ते से भी प्लेटलेट्स तेजी से बढ़ती है।

कद्दू में भी विटामिन ए भरपूर होती है।

यह कोशिकाओं में पैदा होने वाली प्रोटीन को कंट्रोल करता है, जो प्लेटलेट्स बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है।

पालक विटामिन का बेहतर सोर्स है। इसके अलावा आंवला, चुकंदर, तिल का तेल और पानी का अधिक सेवन भी प्लेटलेट्स बढ़ाने का काम करता है।

कीवी के अलावा नारियल पानी और बकरी के दूध के दाम भी बढ़ गए हैं।

जो लोग डेंगू के लक्षणों से जूझ रहे हैं उन्हें इन चीजों का सेवन करने की सलाह दी जा रही है।

इस सीजन में कीवी की मांग बढ़ जाती है। इसकी वजह से हमें फल महंगा मिलता है। मजबूरी में हम भी ग्राहकों को अधिक दाम पर देते हैं। लोग बिना मोल भाव किए महंगा कीवी खरीद रहे हैं।

सलीम, फल विक्रेता

कीवी इंडिया में कम होता है। यह विदेशों से आता है और दिल्ली से आने में इसका दाम बढ़ जाता है। इस सीजन में यह महंगा होने से हम लोगों को महंगा बेचना भी पड़ता है।

आरिफ, फल विक्रेता