प्रयागराज ब्यूरो । प्रयागराज- स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान चलाकर गुरुवार को दो अस्पतालों को सील कर दिया गया। वही तीन अन्य अस्पतालों को लाइसेंस निलंबित किया गया है। सीएमओ के निर्देश पर हुई कार्रवाई से एरिया में अफरातफरी का माहौल रहा। यह सभी कार्रवाई मौके पर अनियमितता मिलने पर की गई। जानकारी के मुताबिक एसीएमओ डॉ। तीरथ लाल के नेतृत्व में टीम ने सर्वप्रथम शांतिपटेल अस्पताल सिकंदरा का निरीक्षण किया। यहां पर मौके पर तीन मरीज भर्ती पाए गए। जिनमें एक की बच्चेदानी का आपरेशन, दूसरे का हार्निया का आपरेशन व एक तीन माह का बच्चा एनआईसीयू में भर्ती था। लेकिन मरीजों की देखभाल के लिए यहां कुशल डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित नही थी। जिसके चलते अस्पताल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
रिनूवल नही करने पर हुई कार्रवाई
इसी क्रम में शिकायत के आधार पर बुढिय़ा का इनारा के पास स्थित सार्थक अस्पताल का भी दौरा किया गया। यहां डॉक्टर नही होने और अस्पताल का लाइसेंस रिनूवल नही होने पर उसे सील कर दिया गया। अरबासी बहादुरगढ़ स्थित कैलाश अस्पताल में भी डॉक्टर नही होने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। इस अस्पताल की अवैध पैथोलाजी को भी सील किया गया। बरियारामपुर सोरों स्थित निर्मला अस्पताल में स्टाफ नर्स डॉक्टर की अनुपस्थिति में डिलीवरी कराते पाए जाने पर इसका लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। कौड़ापुर फूलपुर में अवैध रूप स संचालित वंदना अस्पताल का पंजीकरण नही होने पर उसे भी सील कर दिया गया।