प्रयागराज (ब्‍यूरो)। सोमवार को गर्मी से बचने में दो जान चली गई। दरियाबाद के यमुना जोगीघाट पर एक युवक और एक किशोर डूब गए। दोनों अपने साथियों के साथ यमुना में नहाने गए थे। कई लोगों के डूबने से घाट पर हड़कंप मच गया। घाट पर मौजूद नाविकों ने डूब रहे लोगों को बचाने का प्रयास किया। एक युवक को बचा लिया गया। जबकि अन्य डूब गए। सूचना पर जल पुलिस गोताखोरों के साथ पहुंच गई। गोताखोरों ने बहुत प्रयास करके दोनों की बॉडी निकाल ली। बॉडी देखकर उनके घरवाले सदमें में आ गए। परिवार में कोहराम मच गया।

यमुना नहाने गए थे आधा दर्जन युवक
खुल्दाबाद के अटाला के रहने वाले मो.सैफ (18) अपने साथी मो.रोमान (15), एजाज, हसन अली, गोलू और नसीम के साथ दोपहर में जोगी घाट पहुंचे। गर्मी की वजह से सभी ने यमुना में नहाने का प्लान बनाया। इसके बाद सभी यमुना में नहाने लगे। अचानक सैफ, रोमान व एजाज गहरे पानी में चले गए। तीनों बचाव के लिए शोर मचाने लगे तो साथियों की नजर उन पर पड़ी। शोर सुनकर घाट पर मौजूद नाविकों ने यमुना में छलांग लगा दी। नाविकों ने एजाज को बचा लिया। मगर सैफ और रोमान पानी में समा गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। करीब आधा घंटा बाद जल पुलिस गोताखोरों के साथ पहुंची। इसके बाद गोताखोरों ने दोनों की तलाश शुरू की। इस बीच खबर पाकर दोनों के घर वालेे घाट पर पहुंच गए। करीब एक घंटा बाद दोनों को निकाला गया। मगर उनकी सांसें थम चुकी थीं। परिजन दोनों की बॉडी देखकर रोने बिलखने लगे।

बैग बनाता था रोमान
अटाला का रहने वाला रोमान बैग बनाने का काम करता था। रोमान के पिता साबिर की मौत हो चुकी है। वह चार भाइयों में छोटा था। रोमान की मौत से मां सोफिया का रो रोकर बुरा हाल हो गया।

कबाड़ का काम करता था सैफ
अटाला के रहने वाले शेर अली कबाड़ का धंधा करते हैं। शेर अली के काम में उनका बेटा सैफ भी हाथ बंटाता था। सैफ तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से मां अंजुम बेगम का रो रोकर बुरा हाल हो गया। पड़ोस की महिलाएं अंजुम को ढांढस बंंधाती रहीं।

गंगा में डूबी बच्ची की बॉडी मिली
रविवार शाम को शिवकुटी एरिया में गंगा में डूबी सात वर्षीय गीतांजलि की बॉडी सोमवार को मिल गई। गीतांजलि शाम को अपनी बहन गौरी व सेजल के साथ छुहारा हनुमान मंदिर के पास गंगा में नहाने गई थी। तीनों बहनें नहाने के दौरान डूबने लगीं। गौरी और सेजल को बचा लिया गया था मगर गीतांजलि का पता नहीं चल सका था। सोमवार को जल पुलिस के गोताखोरों ने सर्च आपरेशन चलाया। इस दौरान गीतांजलि की बॉडी गंगा में मिल गई।

यमुना में एक युवक और एक किशोर डूब गए थे। गोताखोरों ने दोनों की बॉडी निकाल ली। वहीं, गंगा में शिवकुटी एरिया में एक बच्ची रविवार शाम को डूब गई थी। सोमवार को उसकी बॉडी गोताखोरों ने निकाला।
जर्नादन साहनी, प्रभारी जल पुलिस