अयोध्या में श्रीराम मंदिर बनाने के लिए कोर्ट के निर्णय का इंतजार

ALLAHABAD: देश का आर्थिक विकास विदेशी निवेश के जरिए तेजी से हो रहा है। हमारी सरकार विदेशी कर्ज को कम कर रही है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने यह बात कही। वे सर्किट हाउस में रविवार को पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि देश का मिजाज बदल रहा है और चारों ओर विकास व विश्वास का वातावरण बन चुका है। पीएम नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाने वाले आज जनता से दूर हैं। हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त और विकासयुक्त सरकार देने में सफल रही है।

हम हैं नए, अंदाज क्यों हो पुराना

नकवी ने विदेशी मुद्रा नीति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार 37 हजार करोड़ डालर पहुंच गया है। तीन साल में विदेशी निवेश छह हजार करोड़ डालर का आंकड़ा पार कर गया है। पूर्व वित्तमंत्री द्वारा केंद्र सरकार की वर्तमान आर्थिक नीतियों की आलोचना की गई थी। इस पर केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा हम नए हैं और हमारा अर्थशास्त्र नया है। उनका अर्थशास्त्र पुराना हो चुका है। इसके पहले रविवार को केंद्रीय मंत्री नकवी प्रतापपुर विकास खंड स्थित अपने पैतृक गांव भदारी में मोहर्रम कार्यक्रम में शामिल हुए।

श्रीराम मंदिर निर्माण की वकालत

उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की वकालत की। कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना ही चाहिए। परंतु मामला सुप्रीम कोर्ट में होने की वजह से निर्णय का इंतजार करना चाहिए। नकवी ने 'वन नेशन वन इलेक्शन' की बात की और कहा कि इससे आर्थिक दबाव बढ़ता है। चुनाव आयोग को लोकसभा से लेकर पंचायत तक के चुनाव एक साथ कराने की पहल करनी चाहिए। इसमें केंद्र सरकार और भाजपा आयोग का पूरा सहयोग करेगी।