प्रयागराज (ब्‍यूरो)। एक से 30 नवंबर के बीच मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। जिसका मकसद विधानसभा चुनाव से पहले अधिक से अधिक युवा मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करना था। लेकिन महीना बीतने के बाद एक बार फिर शहर उत्तरी जिले के सभी विधानसभाओं में काफी नीचे पायदान पर नजर आया। इससे नीचे केवल प्रतापपुर और हंडिया विधानसभा रहीं। बता दें कि अब तक हुए तमाम चुनावों में शहर उत्तरी का वोटिंग प्रतिशत काफी पीछे रहा है।

शहर दक्षिणी का भी यही हाल
शहर उत्तरी के पीछे पीछे शहर दक्षिणी विधानसभा भी रही है। यहां पर भी नए मतदाताओं के जुडऩे की संख्या काफी कम रही है। इससे अधिक आठ विधानसभाओं के मतदाता रहे हैं। इसलिए कहा जा सकता है कि शहरी मतदाता चुनाव में अधिक इंट्रेस्ट नही रखते हैं। शहर की तीन में से दो विधानसभाओं का यह हाल चिंता का विषय है।

कोरांव और करछना ने गाड़े झंडे
एक ओर शहरी विधानसभाओं के हाल खराब हैं तो दूसरी ओर ग्रामीण एरिया की कोरांव और करछना विधानसभा ने झंडे गाड़ रखे हैं। इन दोनों विधानसभाओं में सबसे ज्यादा मतदाता जोड़े गए हैं। इन विधानसभाओं में 18 से 19 साल के नए मतदाताओं की संख्या भी अधिक है। इन्होंने पहली बार वोट डालने के लिए दिलचस्पी दिखाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाया है।

कहा कितने नए मतदाता जोड़े गए
विधानसभा नए मतदाता
फाफामऊ 9959
सोरांव 10939
फूलपुर 16496
प्रतापपुर 5471
हंडिया 4892
मेजा 17562
करछना 18595
इलाहाबाद पश्चिमी 12849
इलाहाबाद उत्तरी 6107
इलाहाबाद दक्षिणी 7249
बारा 17117
कोरांव 20417
कुल नए मतदाता- 149717

महिलाएं भी एक कदम आगे
चुनाव में दिलचस्पी न लेने के मामले में शहरी विधानसभाओं की महिलाएं भी पुरुषों से दो कदम आगे निकल गई हैं। एक माह तक चले अभियान में शहर उत्तरी की युवतियां और महिलाओं के सबसे कम 1361 नाम दर्ज हुए हैं। सबसे ज्यादा महिलाएं करछना विधानसभा से 5560 को जोड़ा गया है। इसी तरह 18 से 19 साल के पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं में शहर दक्षिणी सबसे पीछे रहा है। यहां महज 593 युवा ही सूची में अपना नाम जुड़वा सके हैं। सबसे ज्यादा नए और युवा वोटर कोरांव में 4292 जोड़े गए हैं।

एक माह तक चलाए गए अभियान में अधिक से अधिक युवाओं को जोडऩे की कोशिश की गई है। शहर की दो विधानसभाओं का आंकड़ा थोड़ा कम रहा है। वहीं ग्रामीण विधानसभाओं का परफॉर्मेंस बेहतर रहा है।
केके बाजपेई सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रयागराज