प्रयागराज ब्यूरो । विकास बताते हैं कि वह इलाहाबाद विवि में बीए के छात्र थे। उनकी क्लास में ही शिवानी भी पढ़ती थी। शुरुआत में दोनों में दोस्ती थी। विश्वास इतना बढ़ा कि दोनों एक दूसरे से सुख दुख बांटने लगे। दोस्ती विश्वास और यह विश्वास प्यार में बदल गया। दोनों अपने रिश्ते को शादी का नाम देना चाहा तो शिवानी के पैरेंट्स आड़े आ गए। लेकिन विकास ने हार नही मानी। अपने नेचर, कमिटमेंट और मेहनत से उन्होंने शिवानी के परिजनों का दिल जीत लिया। बाद में शिवानी के परिजन भी शादी के लिए तैयार हो गए।

घूमना है इस कपल का पैशन

दोनों की शादी 2022 में हुई है। लेकिन घूमने के शौकीन दोनों दोस्ती के दिनों से ही हैं। विकास बताते हैं कि शादी से पहले पहले वैलेंटाइन पर दोनों जयपुर घूमने गए थे। वहां पर उन्होंने भानगढ़, हवा महल और जल महल का आनंद लिया। इसके बाद दूसरे वैलेंटाइन पर दिल्ली भी घूुमने गए थे। फिर शादी हो गई तो यह कपल तीसरा वैलेंटाइन वीक मनाने हिमाचल प्रदेश घूमने चला गया। विकास कहते हैं कि हम दोनेां को घूमना और सैर सपाटा बेहद पसंद है। दोनो पैसा कलेक्ट करते हैं, फिर घूमने निकल जाते हैं।

जरूरी था ऐसों को सबक सिखाना

जब दोस्ती सच्ची हो तो दूसरे का दुख भी अपना हो जाता है। विकास बताते हैं कि जब हम दोस्त थे तब शिवानी ने मुझे प्राब्लम शेयर की थी। उसने बताया कि उसके ब्रदर का एक दोस्त उसे परेशान कर रहा है। वह गलतफहमी है कि मैं उसे पसंद करती हूं और वह मुझे ब्लैकमेल करने लगा है। मिसबिहेव से परेशान हूं लेकिन भाई को यह बात नही बता पा रही हूं। विकास ने बताया कि एक दिन मेरे सामने ही उसे लड़के ने शिवानी के साथ मिसबिहेव कर दिया। इसके बाद उसको सबक सिखाना जरूरी हो गया। सबक मिलने के बाद वह शिवानी की लाइफ से गायब हो गया और हमारी दोस्ती अधिक मजबूत हो गई।

सास की सेवा के लिए छोड़ दी जॉब

शिवानी खुद जॉब करती थीं। लेकिन शादी के बाद विकास की मां की तबियत खराब रहने लगी तो उन्होंने अपनी जॉब छोड़ दी। वह अपनी सास की सेवा में लगी रहती हैं। विकास सिविल लाइंस के एक ज्वैलरी शो रूम में जॉब करते हैं। वह कहते हैं कि जिंदगी को जीने के लिए प्यार और विश्वास अधिक जरूरी है। पैसा तो समय के साथ आता जाता रहता है।

जमकर बिके चाकलेट गिफ्ट पैक

वैलेंटाइन वीक पर गुरुवार को चाकलेट डे मनाया जाएगा। प्रेमी जोड़ों ने बुधवार को अपने पार्टनर को विश करने के लिए जमकर चाकलेट की खरीदारी की। इस दौरान चाकलेट के तमाम गिफ्ट पैक की भी बिक्री हुई। जिनमें अलग-अलग फ्लेवर मौजूद रहे। इन गिफ्ट पैक की कीमत दो सौ से लेकर हजारों रुपए तक रही। दुकान दारों ने बताया कि चाकलेट फ्लेवर वाले केक और पेस्ट्री की भी डिमांड बहुत अधिक है।