प्रयागराज ब्यूरो । टेंपो में चलिए तो सामान पर नजर रखिए। वरना गच्चा खा जाएंगे। ऐसा ही हुआ शिक्षक चंद्रभान सिंह के साथ। चंद्रभान सिंह रेलवे जंक्शन से टेंपो पर बैठे। साथ में परिवार था। जब वह बैरहना में उतरे तो टेंपो वाला चला गया। बैग पर नजर पड़ी तो उसमें रखा करीब तीन लाख रुपये का गहना गायब था। यह देख चंद्रभान सिंह के होश उड़ गए। चंद्रभान सिंह ने टेंपो वाले की बहुत तलाश की, मगर वह नहीं मिला। थकहार कर चंद्रभान ने शाहगंज में अज्ञात टेंपो वाले के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फतेहपुर से लौटा था परिवार
करछना के सोनाई देवरी गांव के रहने वाले चंद्रभान सिंह फतेहपुर में जीआईसी में टीचर हैं। वह अपनी पत्नी पूजा के साथ गांव लौट रहे थे। फतेहपुर से वह ट्रेन से रेलवे जंक्शन पहुंचे। इसके बाद सिटी साइड से वह दोनों टेंपो पर बैठे। टेंपो वाले ने दोनों को बैरहना में बांगड़ धर्मशाला चौराहा के पास उतार दिया। दोनों करछना जाने के लिए साधन का इंतजार करने लगे। इस बीच चंद्रभान की नजर बैग पर पड़ी। बैग की चेन खुली हुई थी। बैग खोलकर चंद्रभान ने देखा तो अंदर रखे गहने गायब थे। बैग में सोने का हार, दो जोड़ी झुमका, दो मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, एक मांग टीक, एक नथिया, एक हीरे की अंगूठी, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी पायल, दो सोने का लॉकेट, एक चांदी की करधन, एक जोड़ी कंगन रखा था। गहने गायब देख चंद्रभान और उनकी पत्नी बदहवाश हो गए। चंद्रभान चौराहा पर टेंपो वाले को खोजने लगे, मगर वह नहीं मिला। चंद्रभान का अंदेशा है कि टेंपो में बैठे किसी चोर ने गहने गायब किए हैं। चंद्रभान ने शाहगंज थाने में केस दर्ज कराया है।